
India China Tension: China's nefarious move along the border, cruise missile and nuclear bomber deployed close to Doklam
बीजिंग। भारत चीन ( India China Tension ) के बीच बीते कई महीनों से जारी तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों देशों के शीर्ष अधिकारियों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन कोई स्थायी समाधान अभी तक नहीं निकल सका है। इसके ठीक उल्ट चीन अपनी रणनीति के तहत लगातार सीमा पर उकसावे की हरकतों को बढ़ाता ही जा रहा है।
लद्दाख में जारी तनातीन के बीच चीन ने हजारों सैनिकों की तैनाती की है तो वहीं अब भारत के पूर्वी हिस्से में भी तनाव का एक मोर्चा खोल दिया है। दो साल पहले यानी 2017 में भारत-चीन के बीच 70 से अधिक दिनों तक डोकलाम विवाद ( Doklam Conflict ) चला था। 2017 में भारत के सामने घुटने टेकने के बाद अब एक बार फिर से चीन ने डोकलाम के पास अपनी गतिविधियां बढ़ा दी है।
दरअसल चीन ने डोकलाम के पास अपने क्रूज मिसाइलें और अपने H-6 परमाणु बॉम्बर को तैनात कर दिया है। चीन इन विनाशकारी हथियारों को अपने गोलमुड एयरबेस पर तैनात कर रहा है। बता दें कि यह एयरबेस भारतीय सीमा से महज 1150 किलोमीटर दूर है। इससे पहले चीन ने इन घातक हथियारों को अक्साई चीन के काशगर एयरबेस पर तैनात किया था।
सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा
आपको बता दें कि सैटेलाइट तस्वीरों से चीन के नापाक हरकतों का खुलासा हुआ है। ओपन सोर्स इंटेलिजेंस एनॉलिस्ट Detresfa की ओर से जारी सैटलाइट तस्वीरों में ये साफ दिखाई दे रहा है कि चीन ने डोकलाम सीमा के करीब अपने परमाणु बॉम्बर के साथ केडी-63 लैंड अटैक क्रूज मिसाइल की तैनाती की है।
इस क्रूज मिसाइल मिसाइल की मारक क्षमता करीब 200 किलोमीटर है। सैटेलाइट तस्वीरों में एयरबेस पर शियान वाई-20 मालवाहक सैन्य विमान भी नजर आ रहा है। रक्षा विशेषज्ञों की मानें तो चीन का एच -6 के बॉम्बर लंबी दूरी के टारगेट को निशाना बनाने में सक्षम है। यह विमान परमाणु हमला करने में भी सक्षम है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक चीन ने LAC पर बढ़ते तनाव के बीच बीते कुछ दिनों में डोकलाम के आस-पास अपनी गतिविधियां बढ़ा दी है।
डोकलाम के पास चीन की गतिविधियां तेज
इंटेलिजेंस एजेंसी के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, चीन ने जून और जुलाई में डोकलाम के जनरल एरिया में अपनी गतिविधियां बढ़ाते हुए नए निर्माण किए हैं। चीन इस ट्राइजंक्शन पर सिंच ला और टोरसा नाला के साथ-साथ लगी दीवार पर भी अपना काम तेजी के साथ आगे बढ़ा रहा है।
जानकारी के अनुसार, चीन सिंच ला से करीब 1 किलोमीटर साउथ ईस्ट की तरफ एक बहुमंजिला इमारत भी बना रहा है। यहां पर बिजली की सुविधा बहाल करने के लिए करीब 13 इलैक्ट्रिक पोल लगाए गए हैं।
बता दें कि भारत ने चीन की नापाक चाल को हर बार विफल किया है और इस बार भी LAC में चीन की गतिविधियों को नाकाम करने के लिए मुस्तैदी के साथ भारतीय सेना पैनी नजर रखे हुए है। भारतीय सेना ने पूरे LAC में अपनी सतर्कता और तैनाती बढ़ा दी है।
Updated on:
24 Sep 2020, 11:02 PM IST
Published on:
24 Sep 2020, 5:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.