‘कश्मीर आवर’ के लिए अपील करने पर पत्रकारों ने इमरान को लताड़ा, कहा- पहले अपना घर संभालो
इमरान खान ने लोगों से अपील की है कि वे 'कश्मीरी आवर' के लिए शुक्रवार को दोपहर 12 से 12:30 बजे के बीच सड़कों पर उतरें
पाकिस्तानी पत्रकारों ने इमरान खान के इस फैसले पर तंज कसते हुए आलोचना की है
इस्लामाबाद। कश्मीर मुद्दे पर पूरी दुनिया से हारने के बाद नया-नया पैंतरा आजमा रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने लोगों से अपील की है कि वे शुक्रवार को दोपहर 12 से 12:30 बजे के बीच अपने-अपने घरों से निकलें और कश्मीरियों के प्रति अपनी भावना व्यक्त करें।
'कश्मीरी आवर' के लिए इमरान खान के इस अपील पर जहां फिल्मी सितारों और क्रिकेटरों, गायकों आदि ने समर्थन दिया है, वहीं पाकिस्तान के पत्रकारों ने लताड़ लगाई है।
पाकिस्तानी पत्रकारों ने इमरान खान को सच्चाई का आईना दिखाते हुए कहा है कि पहले अपना घर संभालो फिर आगे की सोचना। वहीं कई लोगों ने तो कहा कि इमरान खान को पहले देखना चाहिए कि वह अपने देश में क्या कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर तो इमरान खान के इस अपील का आलोचना के साथ जमकर मजाक उड़ा रहे हैं। अक्सर मुखर होकर अपनी बात रखने वाली पाकिस्तानी पत्रकार नायला इनायत ने भी इमरान के इस कदम की आलोचना की है। उन्होंने लिखा '‘ब्रेकिंग!! भारत से आ रहे हवा और पानी को पाकिस्तान 12 से 12.30 के बीच रोकेगा।’
पत्रकारों ने इमरान के फैसले पर खड़े किए सवाल
इमरान खान की ओर से लगातार भारत के खिलाफ लिए जा रहे फैसलों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। कश्मीर के लेकर पाकिस्तानी हुकमरानों की ओर से लगातार अनर्गल बयान बाजी को लेकर भी पत्रकारों ने तंज कसा है।
पाकिस्तानी नेताओं की ओर से लगातार दिए जा रहे बयान 'कश्मीर बनेगा पाकिस्तान’ को लेकर एक व्यक्ति ने लिखा कि पाकिस्तान हमेशा ऐसा नहीं था, हमने अच्छे दिन भी देखे हैं। हम 1962 में भी कश्मीर जीतने की ही कोशिश कर रहे थे।
आइमा खोसा ने आरोप लगाते हुए लिखा 'इमरान खान की अपील से ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे वे अपनी सत्ता में चल रहे फासीवादी उत्पीड़न को छुपाने की कोशिश कर रहे हैं।’
ताहा सिद्दीकी ने सेना प्रमुख जनरल कमर बाजवा पर तीखी टिप्पणी करते हुए लिखा 'बाजवा को LoC पर जिहाद करने के लिए भेज देना चाहिए। यदि वे जीत जाते हैं तो कश्मीर स्वतंत्र हो जाएगा और हारते हैं तो पाकिस्तान स्वतंत्र हो जाएगा।