HIGHLIGHTS नेपाल ( Nepal ) के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि भगवान बुद्ध ( Gautam Buddha ) का जन्म नेपाल के लुंबिनी ( Lumbini ) में हुआ था और वे भारतीय नहीं हैं। नेपाल के विदेश मंत्रालय की ओर से यह बयान भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ( Indian Foreign Minister S. Jaishankar ) के एक बयान के बाद सामने आया है। विदेश मंत्री ने कहा था कि भगवान बुद्ध भारतीय हैं, जिसपर नेपाल ने आपत्ति जताई थी।
काठमांडू। नेपाल ( Nepal ) के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ( PM KP Sharma Oli ) की ओर से अयोध्या और भगवान राम को लेकर दिए गए बयान के बाद अब नेपाल के विदेश मंत्रालय ने भगवान बुद्ध ( Gautam Buddha ) को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा है कि गौतम बुद्ध नेपाल में पैदा हुए थे।
विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि यह एक निर्विवाद तथ्य है। ऐतिहासिक और पुरातात्विक साक्ष्यों से प्रामाणित होता है कि गौतम बुद्ध का जन्म नेपाल के लुंबिनी में हुआ था। युनेस्को ( UNESCO ) ने गौतम बुद्ध के जन्मस्थान लुंबिनी को विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल किया है।
प्रवक्ता ने आगे कहा यह सच है कि बौद्ध धर्म नेपाल के बाद दुनिया के दूसरे हिस्सों में फैला है। यह मामला संदेह और विवाद से परे है। इस तरह के मामले बहस का विषय नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया इस बात से भलीभांति परिचित है। नेपाल विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने 2014 के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेपाल दौरे का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने नेपाल की संसद को संबोधित करते हुए कहा था कि नेपाल वह देश है, जहां दुनिया के शांति के दूत बुद्ध ने जन्म लिया था।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बयान से भड़का नेपाल
आपको बता दें कि नेपाल के विदेश मंत्रालय ( Foreign Ministry of Nepal ) की ओर से यह बयान भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर के एक बयान के बाद सामने आया है। विदेश मंत्री ने शनिवार (8 अगस्त) को CII शिखर सम्मेलन में ऑनलाइन वार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा था कि भगवान बुद्ध भारतीय हैं, जिसपर नेपाल ने आपत्ति जताई थी।
ओली ने अयोध्यापुरी में खुदाई करने का दिया आदेश
आपको बता दें कि नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ( Prime Minister KP Sharma Oli ) ने एक बार फिर से ये दावा किया कि असली अयोध्या नेपाल के चितवन जिला में है। इसी जिले में माडी नगरपालिका क्षेत्र है, जिसका नाम अयोध्यापुरी है। शनिवार को ओली ने अधिकारियों से बात करते हुए कहा कि भगवान राम, लक्ष्मण और मां सीता की प्रतिमाएं लगाने का आदेश दिया। इसके बाद कहा कि अयोध्यापुरी को ही असली अयोध्या के तौर पर प्रोजेक्ट और प्रमोट करें।
ओली ने कहा, 'मुझे भरोसा है कि भगवान राम का जन्म नेपाल के अयोध्यापुरी ( Lord Ram Born In Ayodhyapuri of Nepal ) में हुआ था। भारत के अयोध्या में नहीं। मेरे पास सुबूत हैं, जो यह साबित कर देंगे कि भगवान राम का जन्म नेपाल में ही हुआ था।' इससे पहले अयोध्यापुरी की खुदाई करने के आदेश भी ओली दे चुके हैं। साथ ही भगवान राम का भव्य मंदिर बनाने की भी बात कर चुके हैं।