फर्जी खबर का शिकार हुआ पाक, इजरायल को दिया परमाणु हमले की धमकी
दुनिया को यह याद दिलाने के मकसद से कि पाकिस्तान एक परमाणु हथियार संपन्न देश है, देश के रक्षा मंत्री ने ट्वीट करते हुए इजरायल को परमाणु हमले की धमकी दे डाली।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ एक वेबसाइट पर चल रही फर्जी खबर का शिकार हो गए और इशारों ही इशारों में उन्होंने इजरायल को परमाणु हमले की धमकी भी दे डाली। बाद में चलकर वह खबर फर्जी निकली। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, फर्जी खबर के फैलने के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने परमाणु हथियार के इस्तेमाल की धमकी दी।
एडब्ल्यूडीन्यूज.कॉम पर 20 दिसंबर को एक फर्जी खबर प्रकाशित हुई थी। जिसमें बताया गया था कि इजरायल के डिफेंस मिनिस्टर ने कहा है कि अगर पाकिस्तान ने किसी भी बहाने सीरिया में अपनी फौज भेजी तो हम उसे परमाणु हमला कर बर्बाद कर देंगे।
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री को प्रतिक्रिया देने की जल्दबाजी में खबर की विश्वसनीयता की जांच करना भूल गए। दुनिया को यह याद दिलाने के मकसद से कि पाकिस्तान एक परमाणु हथियार संपन्न देश है, देश के रक्षा मंत्री ने ट्वीट करते हुए इजरायल को परमाणु हमले की धमकी दे डाली।
पाकिस्तान के डिफेंस मिनिस्टर ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने 23 दिसंबर को ट्वीट किया, इजरायल के रक्षा मंत्री ने सीरिया में पाक की भूमिका को लेकर न्यूक्लियर हमले की धमकी दी है। इजरायल भूल गया है कि पाकिस्तान भी एक न्यूक्लियर शक्ति संपन्न राज्य है।
हालांकि, द टाइम्स ऑफ इजरायल ने एक रिपोर्ट में कहा, इजरायल ने कभी भी सार्वजनिक तौर पर न्यूक्लियर हथियारों को रखने की ना तो कभी पुष्टि की है और ना ही कभी इनकार किया है। इजरायल ने किसी को न्यूक्लियर हमले की धमकी भी नहीं दी है।
खबर में इजरायल के पूर्व रक्षा मंत्री यालोन को भी कोट किया गया था। इजरायली मीडिया ने कहा कि अगर यालोन ने ऐसा कहा होता तो यह दुनिया भर के अखबारों में सुर्खियां बन जाती।