पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि उन्हें इस नियुक्ति के बारे में जानकारी है। हालांकि, उन्होंने इस समझौते का विवरण देने से इनकार कर दिया।
दुबई. पाकिस्तानी मीडिया से आ रही खबरों के मुताबिक पाकिस्तान के पूर्व सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ को सऊदी अरब के नेतृत्व में बनी 39 मुस्लिम देशों की गठबंधन सेना का प्रमुख नियुक्त किया गया है। इस गठबंधन सेना का गठन आपसी सुरक्षा सहयोग बढ़ाने और आतंकवाद के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए बनाया गया है।
पाक रक्षामंत्री ने दी जानकारी
जियो न्यूज चैनल के एक कार्यक्रम में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस नियुक्ति के बारे में जानकारी है। हालांकि, उन्होंने इस समझौते का विवरण देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की नियुक्ति या जिम्मेदारी के लिए सरकार और सैन्य मुख्यालय दोनों की सहमति जरूरत होती है और इस मामले में पूरी तरह से इस प्रक्रिया का पालन किया गया है।
2015 में हुआ था गठन
आतंकवाद से निपटने के लिए पाकिस्तान सहित 30 से अधिक इस्लामी देशों ने सऊदी अरब के नेतृत्व में दिसंबर 2015 में एक सैन्य गठबंधन का ऐलान किया था। हालांकि, शुरू में पाक ने इससे इनकार किया था, लेकिन बाद में इस गठबंधन में शामिल होने की पुष्टि कर दी थी। इस सैन्य गठबंधन में शुरुआत में 34 देश ही शामिल थे, लेकिन बाद में उनकी संख्या बढ़कर 39 हो गई। इसका सैन्य मुख्यालय सऊदी अरब के रियाद में है।
ये देश हैं गठबंधन में शामिल
इस्लामी देशों के सैन्य गठबंधन में सऊदी अरब, बहरैन, यमन, मिस्र, कतर और संयुक्त अरब अमीरात जैसे कई अरब देशों के साथ ही तुर्की, मलेशिया, पाकिस्तान बांगलादेश, सूडान, ट्यूनिशिया सहित कई अफ्रीकी देश भी शामिल हैं।