19 दिसंबर 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rahu Gochar 2023: राहु जल्द करेंगे गोचर, फिर बनेगा अशुभ योग भी, जानें किन राशियों के जीवन में मचाएंगे उथल-पुथल

Rahu gochar 2023 Effects on All zodiac signs: Guru Chandal yoga Effects: राहु वक्र्री चाल चलने वाला ग्रह है। वह जल्द ही वृषभ से मेष राशि में प्रवेश करने जा रहा है। इस दौरान एक अशुभ योग भी बनेगा। राहु और बृहस्पति के मिलन से बनने वाला यह अशुभ योग 6 महीने तक लोगों के जीवन में कुछ न कुछ परेशानियां बढ़ाएगा। पत्रिका.कॉम के इस लेख में जानें वर्ष 2023 में राहु का गोचर राशि चक्र की 12 राशियों को कैसे प्रभावित करेगा? कैसे बन जाएगा अशुभ योग और उसका किस राशि पर पड़ेगा कैसा असर...

13 min read
Google source verification

image

Sanjana Kumar

Mar 29, 2023

rahu_gochar_inhe_kar_dega_brbad_rahe_alert.jpg

Rahu gochar 2023 Effects on All zodiac signs: Guru Chandal yoga Effects: इस बार नव संवत्सर और चैत्र नवरात्रि भले ही कई शुभ और दुर्लभ संयोंगो या महासंयोगों में शुरू हुआ हो, लेकिन नवरात्रि के कुछ ही दिन बाद ही एक अशुभ योग ऐसा भी बन रहा है, जो कुछ राशियों के लिए संकट के दिन ला सकता है। इसके निर्माण के बाद राशि चक्र की 12 राशियां शुभ या अशुभ रूप से प्रभावित होंगी। कुछ राशियों के लिए यह अशुभ योग अशुभ लाने वाला ही साबित होगा। भोपाल के ज्योतिषाचार्य पं. जगदीश शर्मा के मुताबिक इस अशुभ योग के कारण कुछ राशियों के लिए अगले छह माह का समय बेहद कष्टदायी बीत सकता है। आपको बता दें कि जल्द ही राहु का गोचर होने जा रहा है। राहु वक्र्री चाल चलने वाला ग्रह है। वह जल्द ही वृषभ से मेष राशि में प्रवेश करने जा रहा है। इस दौरान एक अशुभ योग भी बनेगा। राहु और बृहस्पति के मिलन से बनने वाला यह अशुभ योग 6 महीने तक लोगों के जीवन में कुछ न कुछ परेशानियां बढ़ाएगा। पत्रिका.कॉम के इस लेख में जानें वर्ष 2023 में राहु का गोचर राशि चक्र की 12 राशियों को कैसे प्रभावित करेगा? कैसे बन जाएगा अशुभ योग और उसका किस राशि पर पड़ेगा कैसा असर...

बन रहा है यह अशुभ योग
ज्योतिषाचार्य के मुताबिक चैत्र नवरात्रि के एक महीने बाद मेष राशि में गुरु और राहु के मिलने से गुरु-चांडाल योग बन रहा है। इसका सभी 12 राशियों पर प्रभाव पड़ेगा। दरअसल, 22 अप्रैल को बृहस्पति यानी गुरु मेष राशि में गोचर करेंगे और दुष्ट ग्रह राहु यहां पहले से ही मौजूद रहेगा। ग्रहों की इस युति से गुरु चांडाल योग का निर्माण होगा। इस योग से गुरु का प्रभाव कम होगा और व्यक्ति के जीवन में पर इसका नेगेटिव इफेक्ट देखने को मिलेगा। दरअसल जब गुरु चांडाल योग बनेगा तब शनि की दृष्टि भी इस संयोजन पर पड़ेगी। इससे शनि का प्रकोप देखने को मिलेगा। हालांकि राहु का यह गोचर कुछ राशियों के लिए सतर्क रहने वाला और कुछ राशियों के लिए खुशियां देने वाला साबित होगा।

राहु गोचर 2023: मेष
मेष राशि के लोगों के लिए वर्ष की शुरुआत में राहु आपकी ही राशि में आपके प्रथम भाव में गोचर करते रहेंगे। राहु यहां स्थिर रहकर आपकी बुद्धि को कुछ हद तक भ्रम में भी डालेंगे और इसीलिए आप हर कार्य को जल्दबाजी में करेंगे। इससे आपके कुछ कार्यों में परेशानियां भी आएंगी, इन कार्यों के कारण आपको पछताना भी पड़ सकता है। आप इस अवधि में खुद को एक राजा समझेंगे और अपने अच्छे मित्रों को भी ज्यादा महत्व नहीं देंगे। ऐसे में किसी ना किसी से आपका झगड़ा हो सकता है, इसीलिए इस समय को थोड़ा सावधानी से गुजारें। विद्यार्थियों को शिक्षा में कुछ रुकावटों का सामना करना पड़ सकता है और धन हानि के भी योग बन सकते हैं। इसीलिए इस दौरान अलर्ट रहें। इसके बाद मई से अगस्त के बीच का समय गुरु-चांडाल दोष के प्रभाव से आपके स्वास्थ्य, आपकी सोचने-समझने की शक्ति, आपके दांपत्य जीवन तथा आपके व्यापार को प्रभावित करेगा। इसलिए आपको सावधानी रखनी होगी। राहु गोचर 2023 के मुताबिक, 30 अक्टूबर को राहु आपके द्वादश भाव में प्रवेश करके विदेश यात्रा के योग बनाएंगे। धर्म-कर्म के कार्यों में आपकी रुचि बढ़ेगी और आप धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे लेकिन, बाहरी मन से ही काम करेंगे। आपके खर्च बढ़ेंगे। यह समय आपको कोई बड़ी उपलब्धि भी प्रदान कर सकता है।

उपाय: इस अवधि में आपको शनिवार के दिन काले तिलों का दान करने से लाभ मिलेगा।

राहु गोचर 2023: वृष
वृष राशि के जातकों के लिए राहु इस वर्ष की शुरुआत में आपकी राशि से द्वादश भाव में विराजमान रहेंगे और इससे आपके खर्चों में लगातार बेतहाशा बढ़ोतरी कराएंगे। यहां स्थित राहु आपको फिजूल खर्च करने वाला बनाएंगे। आप बिना सोचे-समझे ही धन का व्यय करेंगे। इस दौरान आपको मानसिक रूप से परेशानी हो सकती है। यदि आप सही दिशा में काम नहीं करेंगे तो, कानूनन रूप से आपको दंडित भी किया जा सकता है। इस अवधि में शारीरिक रूप से भी आपको परेशानियां हो सकती हैं। अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ सकते हैं। यदि आपकी कुंडली में राहु की अच्छी स्थिति है तो, यही राहु आपको विदेश यात्रा कराएगा। राहु गोचर 2023 के मुताबिक 22 अप्रैल को बृहस्पति राहु से आकर मिलेंगे तो, इस प्रकार अप्रैल के अंत से लेकर अगस्त के बीच तक गुरु-राहु का चांडाल दोष प्रभाव दिखाई देगा। इससे सेहत से जुड़ी समस्याएं और मानहानि की समस्या आपके सामने आ सकती है। 30 अक्टूबर को होने वाला राहु का गोचर आपकी राशि से एकादश भाव में होगा, जो आपके लिए अत्यंत शुभ फल प्रदान करेगा। आपकी महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति होगी। मन में दबी हुई पुरानी इच्छाएं सामने आएंगी और वह भी इस दौरान पूरी होंगी। आपकी योजनाओं में सफलता के योग बनेंगे। उत्तम आर्थिक लाभ के योग बनेंगे और जो आपकी लंबे समय से जो ख्वाहिशें थीं वो इस दौरान पूरी होंगी। राजनीति से जुड़े हैं, तो सफलता मिलेगी और विरोधी परास्त होंगे।

उपाय: आपको राहु ग्रह की कृपा के लिए राहु के मंत्र जाप करने से लाभ मिलेगा।

राहु गोचर 2023: मिथुन
मिथुन राशि के लोगों के लिए राहु ने इस वर्ष की शुरुआत में आपके एकादश भाव में गोचर कर रहे हैं, इससे पिछले लंबे समय से आपकी बहुत इच्छाएं हैं, वे पूरी होंगी। आपको समाज में एक अच्छा स्थान मिलेगा। आपके सामाजिक दायरे में भी वृद्धि होगी। इस वर्ष भी अधिकांश समय आपके एकादश भाव में रहने से राहु आपको सामाजिक स्तर पर बहुत सक्रिय बनाएंगे। आप सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। राजनीतिक क्षेत्र हो या सामाजिक क्षेत्र, आप अपना नाम आगे बढ़ाएंगे और बड़े-बड़े भाषणों और स्पीच में आपका नाम लिया जाएगा। यह समय आपको अच्छी उन्नति देगा। आर्थिक रूप से भी यह समय मजबूती प्रदान करने वाला रहेगा। गुरु-चांडाल दोष के प्रभाव से अप्रैल के अंत से अगस्त के बीच का समय थोड़ा सा तनावपूर्ण हो सकता है लेकिन, बहुत ज्यादा परेशानी आपके सामने नहीं आएंगी। फिर 30 अक्टूबर को राहु आपके दशम भाव में गोचर करेंगे। वहां से आपके कार्यस्थल में कुछ बदलाव के योग आएंगे लेकिन, आप अपनी मेहनत के बल पर अपनी अच्छी स्थिति पाने में सफल रहेंगे। कार्यक्षेत्र में आपको आपके काम के लिए सराहना मिलेगी। जो काम दूसरों के लिए मुश्किल होगा, उसे आप चुटकी बजाते ही पूरा कर लेंगे। पारिवारिक जीवन में परेशानियां हो सकती हैं, दरअसल आपका सारा ध्यान आपके काम पर रहेगा। अति व्यस्तता के कारण परिवार को हाशिए पर रख सकते हैं, जो आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है लेकिन, इस अवधि में आपकी उन्नति तय है।

उपाय: आपको इस अवधि में बुधवार के दिन गौ माता को हरा चारा या साबुत मूंग की दाल अवश्य खिलानी चाहिए।

राहु गोचर 2023: कर्क
कर्क राशि के लोगों के लिए राहु अक्टूबर 2023 के अंत तक आपकी राशि से दशम भाव में प्रवेश करेंगे। यह समय आपकी परिपक्वता यानी कि आपके कामकाज पर आपकी पकड़ को मजबूत बनाएगा। आपको अपने कार्यक्षेत्र में सफलताएं मिलेंगी। आपकी मेहनत सिर चढ़कर बोलेगी और आप जो भी मेहनत करेंगे, उसका उचित फल मिलेगा। आप पर्दे के पीछे रहकर नहीं बल्कि, पर्दे के आगे रहकर काम करना पसंद करेंगे और उम्मीद रखेंगे कि आप जितना काम करें, उसके बदले में उसका आपको अच्छा फल मिले। हालांकि जब आपको पूर्ण फल नहीं मिलेगा तो आप दुखी भी हो सकते हैं। लेकिन आपको इस अवधि में पूरा सम्मान मिलेगा। आपके काम में सफलता के योग बनेंगे और कार्यक्षेत्र में आप मजबूती से डटे रहेंगे। 22 अप्रैल से लेकर लगभग 28 अगस्त के बीच का समय कार्यक्षेत्र में उतार-चढ़ाव दिखा सकता है। इस अवधि में आपको किसी भी तरह की कंट्रोवर्सी से बचना चाहिए। 30 अक्टूबर को राहु आपकी राशि से नवम भाव में आकर आपके भाग्य स्थान को प्रभावित करेंगे। इससे गंगा स्नान और लम्बी यात्राओं के योग बनेंगे। विदेश जाने की संभावना जागृत होगी और इस दिशा में आप प्रयास करेंगे तो सफलता भी पाएंगे। लेकिन इस दौरान आपके पिताजी से आपके संबंध बिगड़ सकते हैं और उनकी सेहत भी बिगड़ सकती है। आपको उनका ध्यान रखना होगा।

उपाय: आपको गली के कुत्तों को दूध और बिस्किट खाने को देना चाहिए।

राहु गोचर 2023: सिंह
सिंह राशि के लोगों के लिए इस वर्ष की शुरुआत में राहु आपके नवम भाव में डेरा डाले बैठे रहेंगे और आपके भाग्य स्थान और आपके पिताजी से संबंधों पर अपना प्रभाव दिखाएंगे। इसीलिए हो सकता है कि आपके पिताजी को तो इस समय में बहुत ज्यादा मान-सम्मान मिले और अपनी बातों से वह अपने काम निकाल पाएं लेकिन इस अवधि में आपसे उनके संबंध बिगड़ सकते हैं। उनकी सेहत कुछ कमजोर हो सकती है। आप भाग्य के भरोसे बैठने के बजाय आगे बढऩे की कोशिश करेंगे तो ही सफल होंगे। इस अवधि में सब कुछ भाग्य पर न छोड़ें, वरना नुकसान झेलना पड़ सकता है। इस स्थिति में आपलंबी दूरी की यात्राओं पर जा सकते हैं। अप्रैल से अगस्त 2023 के बीच गुरु-चांडाल दोष के प्रभाव से पिताजी की स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं। आपको भाग्य की कमी महसूस होगी, इससे कुछ बनते हुए काम बिगड़ सकते हैं। इसीलिए आपको इस दौरान थोड़ा सा धैर्य रखना होगा। 30 अक्टूबर को राहु आपके अष्टम भाव में आ जाएंगे। यह समय आपकी सेहत और आपके कार्यों में परेशानी बढ़ाने वाला साबित होगा। अपनी सेहत का पूरा ध्यान रखें। किसी से भी वाहन मांग कर वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय आपको सावधानी बरतनी चाहिए। धन का निवेश करने से पहले सौ बार सोच लें, क्योंकि इस दौरान आपको धन हानि हो सकती है। इस दौरान किसी के बहकावे में न आएं। किसी को उधार न दें।

उपाय: यदि जीवन में अधिक समस्याएं चल रही हैं तो, रविवार के दिन रुद्राभिषेक संपन्न कराएं।

राहु गोचर 2023: कन्या
कन्या राशि के लोगों के लिए राहु इस वर्ष की शुरुआत में आपके अष्टम भाव में ही विराजमान रहेंगे। लंबे समय से राहु का अष्टम भाव में होना आपके जीवन में अचानक से बड़े बदलाव का कारण बना होगा। यही काम वह आगे भी करता रहेगा। आपको अचानक से कुछ अच्छा लाभ और अचानक से कुछ हानि का समाचार सुनने को मिल सकता है। ससुराल पक्ष के लिए यह समय अच्छा रहेगा। वे खूब फलेंगे-फूलेंगे और उनसे आपके संबंध मधुर होंगे। ससुराल पक्ष के लोगों से मिलने, उनके साथ बैठने और बातचीत करने का आपको भरपूर अवसर मिलेगा। इस दशा में सट्टेबाजी, जुएं और लॉटरी आदि के बारे में आपका मन बहुत ज्यादा लगेगा लेकिन, सोच-समझ कर ही कोई निवेश करें। अन्यथा हानि उठानी पड़ सकती है। अप्रैल से अगस्त के बीच बन रहा राहु-गुरु चांडाल दोष अष्टम भाव में होने से आपको सेहत से जुड़ी परेशानियां दे सकता है। आपकी सेहत कमजोर हो सकती है। इस दौरान ध्यान नहीं देंगे तो, कोई बड़ी बीमारी जन्म ले सकती है। इसीलिए अलर्ट रहें। राहु गोचर 2023 के अनुसार, 30 अक्टूबर को राहु आपके सप्तम भाव में आकर दांपत्य जीवन को प्रभावित करेंगे और जीवन साथी को थोड़ा सा निरंकुश बनाएंगे। साथ ही आप धार्मिक चीजें मानने की बजाय अलग से अपना ही तर्क रखना शुरू कर देंगे, यह आपके लिए मुश्किलें खड़ी करने वाला समय हो सकता है। सावधानी बरतें।

उपाय: आपको बुध देव जी के बीज मंत्र का जाप करना चाहिए।

राहु गोचर 2023: तुला
तुला राशि के लोगों के लिए राहु इस वर्ष की शुरुआत में आपके सप्तम भाव में विराजमान होंगे जिससे वैवाहिक जीवन और व्यवसायिक साझेदारी के बारे में भी देखा जाता है। यहां पर राहु दांपत्य जीवन में उतार-चढ़ाव की स्थिति का निर्माण कर रहे हैं। आपके बिजनेस में भी आप ज्यादा निरंकुश महसूस कर रहे हैं और आगे भी ऐसा जारी रहेगा। आप कई बार बिना सोचे डिसीजन लेंगे जो आपके बिजनेस में आपको भारी नुकसान करवा सकते हैं। आपको अपने व्यावसायिक साझेदार के साथ भी सावधानी से पेश आना होगा, क्योंकि इस दौरान उनके मन में कई तरह की बातें चलेंगी। हो सकता है कि आप दोनों के बीच कोई मनमुटाव हो जाए, जो आपके बिजनेस में परेशानी का कारण बने। इसीलिए उनके साथ अच्छा व्यवहार करना आपको लाभ देगा और बिजनेस में उन्नति का कारण बनेगा। अप्रैल के अंत से लेकर अगस्त के अंत तक का समय विशेष रूप से गुरु-चांडाल दोष के प्रभाव का समय रहेगा इसलिए इस दौरान आपको दांपत्य जीवन में बहुत सावधानी रखनी चाहिए। इस अवधि में आपको जीवनसाथी से किसी भी बात के लिए वाद-विवाद या बहस से बचना चाहिए। यदि संभव हो तो आपसी बातचीत का रास्ता अपनाएं या किसी अनुभवी, पेशेवर अथवा घर के किसी बड़े की सलाह ले लें या उनकी सहमति से कोई कार्य करें। इस अवधि में जीवनसाथी को स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ध्यान रहे, इस दौरान व्यापार में भी उतार-चढ़ाव आएंगे। आपको धैर्य रखना होगा। 30 अक्टूबर के बाद राहु आपके छठे भाव में गोचर करेंगे। यहां से आपके लिए अच्छी शुरुआत होगी। नौकरी करते हैं तो उसमें अच्छे परिणाम मिलेंगे। आप अपने विरोधियों पर भारी पड़ेंगे। कोर्ट और कचहरी से जुड़े मामलों में आपको सफलता मिलेगी।

उपाय: शुक्रवार के दिन माता के मंदिर में सौंदर्य प्रसाधन अर्पित करें।

राहु गोचर 2023: वृश्चिक
वृश्चिक राशि के लोगों के लिए इस वर्ष की शुरुआत में राहु महाराज आपके छठे भाव में विराजमान रहकर आपको सभी विपत्तियों से बचाएंगे। ऐसा नहीं है कि आपके सामने रोग नहीं आएंगे या किसी तरह के ऋण की स्थिति नहीं बनेगी या कोई शत्रु नहीं आएंगे। ये सभी आ सकते हैं लेकिन यही राहु महाराज आपको इन सब से जीत दिलाएंगे और आपको आगे बढ़ाएंगे। आप किसी भी परिस्थिति से घबराएंगे नहीं और जीवन में आगे बढ़ेंगे। इससे आपका व्यक्तित्व विकसित होगा और आप एक आदर्श व्यक्ति के रूप में अपनी पहचान बना पाएंगे। नौकरी में आपकी स्थिति और भी ज्यादा प्रबल हो जाएगी। इस अवधि में आपको अपने मामा पक्ष के लोगों से अच्छा आर्थिक लाभ भी हो सकता है। इस अवधि में आपके विदेश यात्रा के योग भी बन सकते हैं। अप्रैल के अंत से अगस्त के अंत के बीच का समय स्वास्थ्य के लिए कमजोर रहेगा। इस अवधि में किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या अचानक आपके सामने आ सकती है। यह आपको परेशान करके रख देगी। इसलिए जरा सी भी परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लेना चाहिए। राहु गोचर 2023 के मुताबिक 30 अक्टूबर को जब राहु का गोचर आपके पंचम भाव में होगा तो, आपकी बुद्धि का विकास होगा। आप बड़े निर्णय लेंगे और आपकी बुद्धि पर राहु का पूर्ण प्रभाव होने से आपकी निर्णय क्षमता बहुत तेज रहेगी। आपकी संतान के लिए यह समय ध्यान देने का होगा क्योंकि उनकी संगत बिगड़ सकती है और वह गलत सोहबत में पड़कर कुछ गलत कर सकते हैं। इसीलिए उनका ध्यान अवश्य रखें। प्रेम संबंधों के लिए यह समय बहुत अच्छा रहेगा। रोमांस के पल आएंगे और संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी। विद्यार्थियों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ेगा और उनके जीवन में चुनौतियां आएंगी। लेकिन उनका दिमाग तेज होगा। जो एक बार पढ़ लेंगे, वह अच्छे से याद भी हो जाएगा। इसका फायदा उन्हें अपनी शिक्षा में दिखेगा।

उपाय: श्री दुर्गा चालीसा का नियमित पाठ करने से आपको लाभ मिलेगा।

राहु गोचर 2023: धनु
धनु राशि के लोगों के लिए इस वर्ष की शुरुआत में राहु महाराज आपके पंचम भाव को प्रभावित करते हुए नजर आएंगे क्योंकि वह पहले से ही पांचवें भाव में विराजमान होंगे। यह आपकी बुद्धि और सोच का भाव है। इस पर राहु का प्रभाव होने से आप ऐसी-ऐसी कल्पनाएं करेंगे, जो कभी कोई सोच भी नहीं सकता। हालांकि उन्हें अमल में लाना आसान नहीं है, लेकिन आप उन्हें पूरा करने के लिए हर जीतोड़ कोशिश करेंगे। संतान को लेकर यह समय बस इतना ध्यान देने का होगा कि उनकी संगति ना बिगड़े। अन्यथा वह हाथ से निकल सकती है। प्रेम संबंधों में यह समय बहुत शानदार रहेगा। आपको अपने प्रियतम से अपने दिल की हर बात कहने का मौका मिलेगा। आप मुखर होकर हर बात कहेंगे और किसी भी तरह की कोई हिचक आपके मन में नहीं रहेगी। आपके प्रिय का भी आपको पूरा समर्थन और साथ मिलेगा। यदि आप प्रेम विवाह करना चाहते हैं तो यह समय अच्छा रहेगा। आपसी संबंध मजबूत होंगे और आपका प्रेम संबंध परिपक्व होगा लेकिन, विद्यार्थियों को चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। उन्हें अपनी पढ़ाई पर एकाग्रता बनाए रखने के लिए बहुत कठिन प्रयास करने होंगे। अप्रैल के अंत से अगस्त के बीच का समय और ज्यादा परेशानियां बढ़ाने वाला होगा। इस दौरान पेट से संबंधित कोई रोग आपको परेशान करेगा। असंतुलित खानपान की वजह से भी आपके स्वास्थ्य में गिरावट के योग बनेंगे। राहु गोचर 2023 के अनुसार, 30 अक्टूबर को राहु गोचर के से आपके चतुर्थ भाव में जाएंगे। वह समय आपको पारिवारिक जीवन में थोड़ा तनाव दे सकता है। आप परिवार से कुछ समय के लिए दूर चले जाएंगे या काम के सिलसिले में अति व्यस्त रहने के कारण परिवार के साथ सुख का समय नहीं बिता पाएंगे। हालांकि इस अवधि में आपको अन्य सुखों की प्राप्ति होगी।

उपाय: पक्षियों को खाने के लिए सात प्रकार का अनाज थोड़ा-थोड़ा करके डालें, ऐसा करने से लाभ मिलेगा।

राहु गोचर 2023: मकर
मकर राशि के लोगों के लिए राहु इस वर्ष की शुरुआत में आपके चतुर्थ भाव से गोचर करेंगे। यह समय आपके जीवन में उतार-चढ़ाव की स्थिति लेकर आएगा। पारिवारिक संबंध थोड़े कमजोर बनेंगे। आपको पारिवारिक जीवन में सामंजस्य बिठाने के लिए ज्यादा प्रयास करने होंगे। क्योंकि घर का माहौल अशांत हो सकता है। इस दौरान कुछ अलगाव की स्थिति भी बन सकती है, इसीलिए इस अवधि में आपको शांति से काम लेना होगा और धैर्य दिखाना होगा। बड़ी से बड़ी बात को सरलता से समझाने की कोशिश करनी होगी। आपकी माता जी के स्वास्थ्य में भी उतार-चढ़ाव बना रहेगा लेकिन इस दौरान आप कोई संपत्ति खरीदने में कामयाब हो सकते हैं। अप्रैल के अंत से अगस्त के बीच पारिवारिक जीवन में बड़ा उलटफेर हो सकता है इसलिए बहुत सावधानी रखें और घर की हर गतिविधि का पूरा ध्यान रखें। राहु गोचर 2023 के मुताबिक, 30 अक्टूबर के बाद राहु आपके तीसरे भाव में प्रवेश कर जाएंगे। यहां का राहु आपको पराक्रम देगा। आप बिजनेस में जोखिम लेकर आगे बढऩा पसंद करेंगे और इससे आपको सफलता मिलेगी। यदि आप कोई खिलाड़ी हैं तो इस दौरान आपकी प्रतिभा में निखार आएगा। आपको मान-सम्मान मिलेगा। आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। राहु का यह तीसरे भाव में गोचर आपको उत्तम सफलता प्रदान करेगा और कार्यक्षेत्र में भी आपकी स्थिति को मजबूत बनाएगा।

उपाय: शनिवार के दिन आपको किसी मंदिर में काले तिल का दान करने से लाभ मिलेगा।

राहु गोचर 2023: कुंभ
कुंभ राशि के लोगों के लिए इस वर्ष की शुरुआत में राहु आपके तीसरे भाव में रहेंगे और लगभग वर्ष के अधिकतर समय तीसरे भाव में रहकर आपको पूरी तरह से साहस, पराक्रम, बल, जोखिम लेने की क्षमता, विरोधियों पर मजबूत पकड़ आदि प्रदान करेंगे। आप जिस काम को करना चाहेंगे, उसमें आपको सफलता मिलेगी। इस दौरान राहु आपका पथ प्रशस्त करेंगे। आपको अपने भाई-बहनों से भी अच्छा सहयोग प्राप्त हो सकता है लेकिन, उन्हें स्वयं को समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में आप उनकी मदद करने की पूरी कोशिश करें। इस अवधि में आप छोटी दूरी की यात्राओं में ज्यादा वयस्त रहेंगे। आपके जीवन में भागदौड़ रहेगी। कार्यक्षेत्र में आप अपने सहकर्मियों से अच्छा समर्थन पाएंगे। अप्रैल के अंत से अगस्त के अंत तक का समय गुरु-चांडाल दोष के कारण कुछ परेशानी भरा होगा। आपके अपने सहकर्मी आपके विरुद्ध किसी तरह की कोई चाल चल सकते हैं या कोई षड्यंत्र रच सकते हैं, जो कार्यक्षेत्र में आपको परेशानी दे सकता है। यात्राओं में इस दौरान समस्याओं का सामना करना पड़ेगा और यात्राएं सफल भी कम ही होंगी। लेकिन राहु गोचर 2023 के मुताबिक, 30 अक्टूबर के बाद राहु का गोचर आपके दूसरे भाव में होगा। तब आप अच्छे भोजन का आनंद लेंगे। आर्थिक रूप से बहुत ज्यादा सक्रिय हो जाएंगे और धन कमाने की लालसा आपके अंदर एकदम से बढ़ेगी जिससे, आर्थिक स्थिति मजबूत होने लगेगी लेकिन पारिवारिक जीवन में कुछ परेशानियां और संघर्ष बढ़ेगा। धैर्य रखें, यह समय बीत जाएगा।

उपाय: राहु के शुभ प्रभाव के लिए रांगे की एक गोली अपने पास रखने से लाभ मिलेगा।

राहु गोचर 2023: मीन
मीन राशि के लोगों के लिए राहु इस वर्ष की शुरुआत में आपके द्वितीय भाव में विराजमान होंगे, जहां रहकर वह आपको उत्तम धन की प्राप्ति कराएंगे लेकिन आप जितना धन के निकट पहुंचते जाएंगे और ज्यादा धन आपके पास आता जाएगा, उतना ही आप परिवार से दूर होते चले जाएंगे। परिवार से आपकी दूरियां बनती जाएंगी। क्योंकि यहां स्थित राहु आपको दोनों में से कोई एक चीज ही दे पाएगा इसलिए आपको बहुत सोच-समझकर ही सामंजस्य स्थापित करते हुए आगे बढऩा चाहिए।इस अवधि में असंतुलित भोजन या खान-पान के कारण आपकी सेहत प्रभावित हो सकती है। इसलिए आपको स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को लेकर अवेयर रहना चाहिए। नजर कमजोर होने से आंखों पर चश्मा लगने की स्थिति भी आ सकती है। अप्रैल से लेकर अगस्त के अंत तक का समय गुरु-राहु चांडाल दोष के कारण परिवार अथवा कुटुंब में वाद-विवाद पैदा करेगा, परिवार की शांति भंग करेगा। ऐसी स्थिति से बचने के लिए आपको हर संभव प्रयास करना चाहिए और धैर्य रखते हुए हर काम को करना चाहिए। आपका ओहदा परिवार में बढ़ेगा। राहु गोचर 2023 के मुताबिक, 30 अक्टूबर को राहु आपके दूसरे भाव से निकलकर आपकी ही राशि यानी कि आपके प्रथम भाव में आ जाएंगे। वे आपको भावुकता से बाहर निकालकर व्यावहारिक बनाएंगे। इस अवधि में आप अपने निर्णय खुद लेने लगेंगे और आपके अंदर गजब का आत्मश्विास बढ़ेगा लेकिन, ऐसी भी संभावना है कि आप कुछ निरंकुश हो जाएंगे और किसी की परवाह नहीं करेंगे। इसीलिए इस अवधि में अपनी ऐसी स्थिति से बचकर रहें, तो ही बेहतर है। राहु का आने वाला गोचर आपको सब कुछ प्रदान करके जाएगा।

उपाय: संभव हो तो रसोई में भोजन करें अथवा बुधवार की शाम के समय में किसी मंदिर में काले तिल का दान करें, लाभ मिलेगा।

ये भी पढ़ें: Today Horoscope: कुंभ राशि वालों को मनचाही नौकरी मिलने के योग, मीन राशि के लोगों का विदेश जाने का सपना होगा पूरा