11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ऐतिहासिक फैसले के बाद अयोध्या में नई सुबह, रामलला ने पहने गुलाबी वस्त्र, पूजन के बाद विशेष पकवानों का लगा भोग

अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अगले दिन रामधुन में रमी अयोध्या

2 min read
Google source verification
Ayodhya atmosphere

राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अगले दिन यानी रविवार को रामनगरी में खासी चहल-पहल रही

अयोध्या. सालों का इंतजार भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन राम नगरी अयोध्या अभी भी कड़ी सुरक्षा-घेरे में है। राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अगले दिन यानी रविवार को रामनगरी में खासी चहल-पहल रही। रविवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान के बाद रामलला के दर्शन को पहुंचने लगे। सरयू तट से लेकर मंदिरों तक घंटा-घड़ियालों की आवाज गूंजती रही। मंदिर के पुजारी ने भी सुबह-सुबह को बालक स्वरूप भगवान राम को नहलाया-धुलाया और नये वस्त्र पहनाकर उन्हें सुसज्जित किया। गर्भगृह समेत मंदिर परिसर में घी के दीपक जलाये गये। विधि-विधान पूर्वक अभिषेक के बाद तरह-तरह के पकवानों से भोग लगाकर भगवान श्रीराम की स्तुति की गई।

रामजन्मभूमि पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि आज अयोध्या के लिए बड़े ही हर्ष का दिन है। बरसों बाद रामलला को अब भव्य मंदिर में विराजमान होने का समय आया है। राम जन्मभूमि में आज रामलला को विधि-विधान पूर्वक स्नान कराकर गुलाबी वस्त्र पहनाये गये। उन्होंने कहा कि गुलाबी रंग शांत स्वभाव का प्रतीक है, जिससे पूरे देश में शांत माहौल में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण हो। कहा कि जैसे सूर्य उदय के बाद अंधकार छठ जाता है। उसी प्रकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राम मंदिर निर्माण में जितने भी संशय थे सभी छठ गए हैं। उन्होंने बताया कि आज रामलला के दरबार में एक दीपक उत्सव के रूप में व्यवस्था की गई। इसमें भगवान रामलला को इत्र से अभिषेक कर घी का दीया जलाया गया। उसके बाद तरह-तरह के पकवानों से रामलला को भोग लगाया गया।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, नागरिकों को कोई दिक्कत नहीं
राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अगले दिन यानी रविवार को रामनगरी में खासी चहल-पहल रही। फैसले के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। शहर के लोगों की दिनचर्या सामान्य रही। शनिवार की मुकाबले रविवार को अयोध्या की बाजारों में खासी रौनक रही। शहर में कहीं कोई तनाव नहीं है। हर तरफ माहौल सामान्य है। बाजारों में भी रौनक है। सरयू में स्नान करने वाले लोग बेरोक-टोक मंदिरों तक पहुंच रहे हैं। अयोध्या में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। यहां पर अन्य दिनों जैसा सब कुछ सामान्य है। बारावफात और पूर्णिमा स्नान को देखते हुए शहर में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। जगह-जगह भले ही बैरिकेडिंग है, लेकिन शहरवासी कहीं भी आसानी से आ-जा पा रहे हैं। प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। एहतियात के दौर पर अयोध्या जिले बार्डर पर पुलिस पूर्ववत तैनात हैं। अभी भी हर आने-जाने वालों की गहन तलाशी ली जा रही है। साथ ही उनका आधार कार्ड भी चेक किया जा रहा है कि वह कहां के निवासी हैं। अयोध्या निवासी ओमप्रकाश पांडे ने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट के फैसले से खुश हैं। अयोध्या का स्वरूप बदलने वाला है। अब अयोध्या के विकास की गति तेज होगी।