28 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अयोध्या के राजघाट पर हो रहे महायज्ञ में लगी आग, 1251 हवन कुंड जलकर राख

Ayodhya Mahayagya fire : अयोध्या के सरयू तट पर जीयर स्वामी के महायज्ञ स्थल पर भीषण आग लगने से 1251 हवन कुंड जलकर राख हो गए।

2 min read
Google source verification

अयोध्या में हवन कुंड में लगी आग, PC- X

अयोध्या : अयोध्या में माझा जमथरा स्थित सरयू तट पर आयोजित राजघाट में हो रहे श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। यज्ञ के लिए बांस-बल्ली, घास-फूस और कपड़ों की सहायता से एक भव्य और विशाल पंडाल तैयार किया गया था। चूंकि मुख्य यज्ञ का समापन शुक्रवार को ही हो चुका था, इसलिए शनिवार को अन्य अनुष्ठान चल रहे थे। दोपहर के समय अचानक पंडाल से धुएं का गुबार उठा और देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकांड में यज्ञ स्थल पर बनाए गए 1251 हवन कुंड जलकर पूरी तरह राख हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर समेत पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी के झुलसने या किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है, हालांकि आग लगने के सटीक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, स्वामी जी महाराज के द्वारा कराया जा रहा है। महायज्ञ परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में कराया जा रहा है। फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू में जुटी हैं। मौके पर दमकल की चार गाड़ियां आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं।

जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया, 'यहां पर सरयू नदी कि किनारे एक महायज्ञ का आयोजन किया गया था। जिसमें हमें सूचना प्राप्त हुई कि एक पंडाल में आग लगी है। सूचना प्राप्त होते ही दमकल विभाग की गाड़ी को मौके पर भिजवाया गया और आग को नियंत्रण में लाया गया... किसी प्रकार की जनहानि, पशुहानि या अन्य हानि नहीं हुई है।

यज्ञ समाप्त हो चुका है जिस कारण ये यज्ञशाला खाली पड़ी थी... कुल मिलाकर यहां जो आग की घटना हुई थी उसे समय रहते नियंत्रित किया गया। दमकल की गाड़ियां अपना कार्य कर रही हैं, स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी यहां मौजूद हैं... प्रशासन के लोग यहां पर मौजूद भीड़ से आग्रह कर रहे हैं कि वे यहां से प्रस्थान करें...'