
अयोध्या 61 एकड़ में बनेगा NSG सेंटर, PC- Patrika
अयोध्या। दुनिया के अति संवेदनशील शहर में शुमार भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी और मजबूत होगी। केन्द्र सरकार ने यहां राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड [एनएसजी] का रीजनल सेंटर स्थापित करने की घोषणा की है, अब यहां ब्लैक केट कमाण्डों तैनात होंगे। सेंटर होने से किसी भी आपात या आतंकी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी। वर्तमान में यहां सीआरपीएफ, यूपी पुलिस और उसकी स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स तैनात है। यह देश का सातवां रीजनल सेंटर होगा। वर्तमान में मुम्बई, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद,अहमदाबाद और जम्मू में ये सेंटर है।
राजस्थान के पत्रकारों के दल से शनिवार को बातचीत में अयोध्या के जिला कलक्टर निखिल टी. फुंडे ने बताया कि पूर्व में राज्य सरकार ने एनएसजी यूनिट के लिए आठ एकड़ जमीन दी थी, जो अयोध्या सदर तहसील क्षेत्र के गौरा बारिक छावनी क्षेत्र में है। अब केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने नए सिरे से 61 एकड़ जमीन मांगी है, जिसके लिए सरकार ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अयोध्या में मंदिर के लोकार्पण के बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। हर दिन हजारों की संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं, जबकि त्योहारों और विशेष अवसरों पर यह संख्या लाखों में पहुंच जाती है। ऐसे में उच्चस्तरीय सुरक्षा इंतजाम की जरूरत महसूस की जा रही है। एनएसजी सेंटर बनने के बाद यहां ब्लैक कैट कमांडो 24 घंटे तैनात रहेंगे, जो किसी भी संभावित खतरे से निपटने में सक्षम होंगे। इससे न केवल मंदिर परिसर बल्कि पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत आधार मिलेगा।
जिला कलक्टर ने बताया कि दस दिन बाद श्रद्धालुओं के लिए पूरा मंदिर खुल जाएगा। श्रद्धालु मंदिर परिसर का पूरा परकोटा तैयार हो चुका है। परिसर के अंदर बने सभी छह मंदिर में श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए परिक्रमा मार्ग शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल श्रद्धालु आनलाइन बुकिंग के जरिए परिक्रमा कर सकेंगे। इसके लिए स्लॉट में बुकिंग होगी। उन्होंने बताया कि गर्भगृह के ऊपर बने राम दरबार के दर्शन भी ऑनलाइन बुकिंग के जरिए हो रहे है। इसके लिए भी पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर स्लॉट बुक किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि राममंदिर में प्राण प्रतिष्ठा और लोकार्पण के बाद अब तक 40 करोड़ लोगों ने मंदिर में दर्शन किए। वर्ष 2025 में करीब 28 करोड़ लोगों ने दर्शन किए। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के आने का सबसे बड़ा कारण प्रयागराज में महाकुम्भ रहा।
जिला कलक्टर ने बताया कि एनएचएआइ अयोध्या से प्रयागराज के बीच 6 लेन का ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे बनाएगा। इस पर काम शुरू हो गया। इसके अलावा अयोध्या से प्रदेश के विभिन्न शहरों से छह राष्ट्रीय राजमार्ग आकर मिल रहे है।
अयोध्या में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष पर्यटन नीति बनाई गई है। यहां होटल इंडस्ट्री के लिए कई सारी रियायतें और सहूलियत दी गई है। इस समय अयोध्या में करीब सवा सौ होटलों के निर्माण के लिए आवेदन मिले है। जिसमें दस फाइव स्टार है। इसके साथ ही अयोध्या में डेढ़ साल में आधुनिक एयरपोर्ट बन गया, वहीं अयोध्या रेलवे स्टेशन को विकसित किया गया है। अयोध्या में तीन सौ बैड का सरकारी अस्पताल बन रहा है। नमो योजना के तहत यहां कैंसर अस्पताल भी स्वीकृत हुआ है।
Updated on:
21 Mar 2026 09:39 pm
Published on:
21 Mar 2026 09:38 pm
बड़ी खबरें
View Allअयोध्या
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
