
फोटो- AI
High Alert: देश की राजधानी दिल्ली में आतंकी हमले की आशंका के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। खुफिया विभाग ने हाई अलर्ट जारी करते हुए संकेत दिए हैं कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा लाल किले के सामने IED विस्फोट की साजिश रच सकता है। इसके साथ ही चांदनी चौक के भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख मंदिरों को भी निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई है।
दिल्ली में मिले इनपुट के बाद अयोध्या में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राम मंदिर और आसपास के येलो जोन में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है। शहर के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल तैनात है और आने-जाने वालों से पूछताछ की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
वाराणसी में भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर, दशाश्वमेध घाट और प्रमुख चौराहों पर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात है। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार संवेदनशील इलाकों में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
आने वाले त्योहारों और श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सावधानी बरत रही हैं। पिछले साल लाल किले के पास हुए विस्फोट की घटना को देखते हुए इस बार किसी भी खतरे से निपटने के लिए पहले से तैयारी की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से भी सतर्क रहने और किसी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
Updated on:
21 Feb 2026 07:18 pm
Published on:
21 Feb 2026 07:18 pm
