
Azamgarh news, Pic- patrika
Azamgarh Crime: आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए हत्या मामले के तीन आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। मुख्य आरोपी नीरज पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी शिवशंकर उर्फ शंकर और सूरज उर्फ मंटू को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल नीरज को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी पवई में भर्ती कराया गया है।
थाना पवई में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 310/25 के तहत 13 नवंबर को ग्राम ओरिल-केवटाना में नरेन्द्र बिंद की हत्या कर दी गई थी। इसी मामले में वांछित आरोपियों की तलाश में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ देर रात गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अपराधी काली पल्सर मोटरसाइकिल (UP62 CL 4839) पर रसूलाबाद मोड़ की ओर आते दिखे हैं।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। कुछ देर बाद तीन संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए। पुलिस के रुकने के संकेत पर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में नीरज के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और हत्या में प्रयुक्त डंडे बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।
Updated on:
15 Nov 2025 10:00 am
Published on:
15 Nov 2025 10:00 am
