
Azamgarh news,Pic- Patrika
आजमगढ़ जिले में आवारा कुत्तों के हमले से पशुपालक को भारी नुकसान उठाना पड़ा। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गड़ेरिया लोहिया में रविवार देर रात कुत्तों के झुंड ने भेड़ों पर हमला कर दिया, जिससे 50 से अधिक भेड़ों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 भेड़ें घायल हो गईं। घायल भेड़ों का उपचार कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार अतरडीहा निवासी महातम पाल भेड़ पालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने अपनी भेड़ों को गांव स्थित एक अहाते में बांध रखा था। रविवार रात लगभग दो बजे अचानक आवारा कुत्तों का झुंड वहां पहुंच गया और भेड़ों पर टूट पड़ा। कुत्तों ने कई भेड़ों को शरीर के विभिन्न हिस्सों में बुरी तरह काट लिया।
भेड़ों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। सुबह होने पर बड़ी संख्या में भेड़ों के मृत मिलने से पशुपालक के परिवार में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना से पशुपालक महातम पाल को गहरा आर्थिक आघात लगा है। उनका कहना है कि भेड़ पालन ही उनकी आय का मुख्य साधन है और इतने बड़े नुकसान से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा क्षेत्र में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान की मांग की है।
Published on:
23 Feb 2026 02:23 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
