
Azamgarh News: आजमगढ़ के कंधरापुर थाना क्षेत्र में पैतृक जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने वांछित पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। दोनों को बेलाइसा के पास नीबी कॉलोनी स्थित एक रिश्तेदार के घर से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, 8 जनवरी 2026 को अरुण कुमार राय, सुशील राय, बृजेश राय, नीरज राय और अश्विन राय ने कंधरापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि जोलहापुर निवासी अवनीश राय और उनकी पत्नी नूतन राय ने अन्य लोगों के साथ मिलकर पैतृक भूमि से जुड़े दस्तावेजों में हेरफेर कर जमीन को धोखे से बेच दिया। आरोप यह भी है कि बीमार और असहाय स्थिति का फायदा उठाकर जमीन का सौदा किया गया और उससे मिली धनराशि का दुरुपयोग किया गया। विरोध करने पर शिकायतकर्ताओं को धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। बुधवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश में निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी बेलाइसा क्षेत्र की नीबी कॉलोनी में अपने एक रिश्तेदार के घर पर मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीश राय (39) पुत्र स्व. बृजभूषण राय और नूतन राय (35) पत्नी अवनीश राय, निवासी जोलहापुर थाना कंधरापुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन तथा आधार और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं। महिला आरोपी को महिला आरक्षी की निगरानी में रात्रि विश्राम के लिए महिला थाने भेजा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
13 Mar 2026 03:00 pm
Published on:
12 Mar 2026 09:16 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
