गोरखपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखे शव को चूहों ने कुतर डाला लेकिन विभाग के कर्मचारियों को भनक तक नहीं लगी। जानकारी होने पर परिवार के लोेगों ने हंगामा शुरू कर दिया तो विभाग हरकत में आया। सीएमओ ने जांच के लिए कमेटी का गठन कर दिया है।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. गोरखपुर जिले में स्वास्थ्य कर्मियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखे गए शव को चूहों ने बुरी तरह कुतर दिया। लाश का चेहरा और नाक पूरी तरह चूहों ने क्षतिग्रस्त कर दी। इसका कारण शव को फर्श पर छोड़ देना बताया जा रहा है। जब इसकी जानकारी परिवार के लोगों को हुई तो वे आक्रोशित हो उठे। उन्होंने सीएमओ व जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद महकमा हरकत में आया। सीएमओ डा. आशुतोष कुमार दूबे ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। दो दिन के अंदर रिपोर्ट मांगी है। सीएमओ का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
गोरखपुर जिले के रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र के सेंदुली बेंदुली गांव निवासी 21 वर्षीय सुमित गौड़ व 20 वर्षीय महबूब सिद्दीकी मंगलवार को दुर्गा पूजा की तैयारी के लिए पिकअप से जिला मुख्यालय जा रहे थे। अभी वे जगदीशपुर फोरलेन पर पहुंचे थे कि पिकअप पलट गई। दुर्घटना में दोनों की मौत हो गई। उनके शव के पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मोर्चरी में रखा गया। जिला अस्पताल में दो डीप फ्रीजर हैं जिसमें से एक काफी दिन से खराब है। इसलिए कर्मचारियों ने सुमित का शव फर्श पर ही रख दिया।
फर्श पर पड़े शव के चेहरे और नाक को चूहों ने रात में बुरी तरह कुतर डाला। सुबह जब परिवार के लोग पोस्टमार्टम के लिए गए तो देखा शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके बाद परिवार के लोग कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोग कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। लोगों प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक और सीएमओ का घेराव किया। इसके बाद सीएमओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि डीप फ्रीजर खराब होने की सूचना कर्मियों ने अधिकारियों को नहीं दी। चूहों द्वारा शव कुतरे जाने का मामला बेहद गंभीर है। इसकी जांच के लिए कमेटी बना दी गई है। कमेटी में एसीएमओ डा. नंद कुमार व डा. एके चौधरी शामिल हैं। दो दिन में रिपोर्ट मांगी गई है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।