
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा के जरिए 2024 के लिए जमीन तैयार करने में जुटे कांग्रेसियों को झटका लगा है। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 12 दिसंबर को आजमगढ़ पहुंच रही है। इस यात्रा में राहुल गांधी शामिल नहीं होंगे। वैसे कांग्रेस का दावा है कि यात्रा ऐतिहासिक होगी। इसमें हजारों लोग शामिल होंगे।
यूपी कांग्रेस निकालेगी यात्रा
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत जोड़ो यात्रा चल रही है। अब यूपी कांग्रेस कमेटी ने भी उसी तर्ज पर भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। यह यात्रा 12 दिसंबर को आजमगढ़ पहुंचेगी। इसकी तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं।
प्रदेश सचिव की देखरेख में तैयारी
आजमगढ़ में जमीन खो चुकी कांग्रेस इस यात्रा के जरिए अपनी ताकत दिखाना चाहती है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव मनोज कुमार गौतम आजमगढ़ पहुंच चुके हैं। उन्हीं की देखरेख में भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियां की जा रही है। दावा है कि यात्रा में एक हजार से अधिक लोग शामिल होंगे।
कांग्रेस का दावा- बीजेपी सरकार से ऊबी जनता
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह का कहना है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा ने जनता में नई ऊर्जा का संचार किया है। बीजेपी सरकार की नीतियों से आम आदमी ऊब चुका है। वह इस सरकार से निजात चाहता है। लोग कांग्रेस की तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं। हमारी यात्रा ऐतिहासिक होने जा रही है।
प्रांतीय अध्यक्ष करेंगे यात्रा का नेतृत्व
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष पूर्वी जोन वीरेन्द्र चौधरी करेंगे। कार्यकर्ता जगह-जगह यात्रा का स्वागत करेंगे। यात्रा में शामिल लोग एमएएम गर्ल्स डिग्री कॉलेज कोलघाट में रात्रि विश्राम करेंगे।
यह होगा यात्रा का रूट
13 दिसंबर 2022 को यात्रा एमएएम गर्ल्स कॉलेज से आरंभ होकर कलेक्ट्रेट स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर पहुंचेगी। यहां बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर माल्यार्पण किया जाएगा।
इसके बाद डीएवी कॉलेज, काली चौरा, चौक, तकिया, पहाड़पुर, शिब्ली कॉलेज ब्रह्मस्थान, करतालपुर, भंवरनाथ, मद्धुपुर, अनवरगंज, सेहदा, मिरिया, कंधरापुर, मंदुरी होते हुए कप्तानगंज पहुंचकर समाप्त होगी। वहां से यात्रा अंबेडकर नगर के लिए प्रस्थान करेगी।
आजमगढ़ में 25 किमी यात्रा का लक्ष्य
प्रवीण सिंह के मुताबिक जिले में यह यात्रा 25 किमी तक होगी। हमारा प्रयास होगा कि इस दौरान अधिक से अधिक लोगों से जुड़ा जाए। आगामी चुनाव में कांग्रेस बीजेपी का विकल्प बनकर पूरे देश में उभरेगी।
Published on:
11 Dec 2022 04:09 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
