
UP Crime News | Image Source - Social Media 'Pinterest'
आजमगढ़: मुबारकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मामूली कहासुनी के बाद अपने दोस्त की चाकू गोदकर हत्या करने वाले आरोपी की पुलिस संग मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के पास से अवैध तमंचा और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है।
मुबारकपुर पुलिस ने इस्लामपुरा गांव में अपने दोस्त हस्सान की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने के मामले में आरोपी इरफान को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुबारकपुर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था और आरोपी इरफान की तलाश की जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना के बाद दामोदरपुर मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाकर संदिग्ध लोगों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान इरफान पर पुलिस की नजर पड़ गई। इस दौरान पुलिस ने इरफान को घेरने की कोशिश की तो इरफान ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में इरफान के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए इरफान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि आरोपी इरफान के पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और हस्सान की हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू को भी बरामद कर लिया गया है।
दरअसल, शनिवार को इस्लाम पुरा गांव में हस्सान और इरफान घर के पास ही बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों में किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान इरफान ने चाकू से हमला करके हस्सान को गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास के लोग उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान हस्सान ने दम तोड़ दिया।
सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि हस्सान की हत्या किए जाने के बाद आरोपी इरफान मौके से फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम का गठन किया गया था, जिसके बाद रविवार सुबह उसकी लोकेशन मिली और पुलिस ने नकाबंदी की। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया है। उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Published on:
05 Apr 2026 08:41 am
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
