
बेखौफ बदमाशों ने एजेंसी में घुसकर ढाई लाख रुपए लूटा, बाइक सवार बदमाशों के आतंक से सहमे क्षेत्र के व्यवसायी
आजमगढ़. देवगांव कोतवाली पुलिस शायद लूट की घटना को गंभीर अपराध नहीं मानती। तभी तो पिछले एक माह के भीतर बाइक सवार बदमाशों द्वारा ताबड़तोड़ लूट की कई वारदात की गई लेकिन आज तक एक भी घटना का खुलासा नहीं हो सका।
लूट की वारदात का ताजा मामला बुधवार की देर शाम प्रकाश में आया। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज कस्बे में क्षेत्राधिकारी कार्यालय से चंद कदम की दूरी पर बेखौफ बाइक सवार बदमाश एजेंसी में घुसकर असलहे के बल पर ढाई लाख रुपए लूट कर भागने में कामयाब रहे। पुलिस की घेराबंदी के बाद भी लुटेरों का सुराग नहीं लग सका। क्षेत्र में लगातार हो रही लूट की वारदातों से क्षेत्र के व्यवसाय जगत में दहशत व्याप्त हो गई है। लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं।
लालगंज कस्बे के दक्षिणी छोर पर स्थित रेतवा चंद्रभानपुर ग्रामसभा में व्यवसाय से जुड़े अबुल जैश मकान बनवाकर परिवार सहित रहते हैं। मकान के भूतल पर उनकी जैश इंटरप्राइजेज नामक फर्म से अमूल दूध व वनस्पति का थोक व्यवसाय होता है। बुधवार की शाम करीब 7 बजे एजेंसी की डिलीवरी वैन क्षेत्र में आपूर्ति किए गए सामानों का तगादा कर वापस लौटी थी।
व्यवसायी पुत्र सालिम तगादा कर लाए गए ढाई लाख रुपए का मिलान कर रहा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर आए चार बदमाश एजेंसी में घुसे और वहां मौजूद लोगों को गन पॉइंट पर लेते हुए तगादा किए गए रुपयों को लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश बाईपास मार्ग होते हुए फरार हो गए।
घटना की जानकारी पाकर स्थानीय पुलिस के साथ ही एसपी सिटी पंकज कुमार पांडेय व क्षेत्राधिकारी लालगंज भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने व्यवसायी से घटनाक्रम के बारे में जानकारी लेते हुए बदमाशों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र की नाकेबंदी कराई, लेकिन नाकामी हाथ लगी। इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अभी इस मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। गौरतलब है कि एक माह के भीतर देवगांव कोतवाली क्षेत्र में मेहनाजपुर मार्ग पर जन सेवा केंद्र से बाइक सवार बदमाशों ने 80 हजार रुपए व लैपटाप आदि लूट लिया था। वहीं मानिकपुर गांव के पास बेखौफ बदमाशों ने एक व्यवसायी से डेढ़ लाख रुपए लूटकर पुलिस को चुनौती देने का कार्य किए।
कुछ ही दिन पूर्व क्षेत्र के पुरसूड़ी गांव के पास बदमाशों ने जौनपुर निवासी व्यवसायी को गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। इन मामलों में आजतक पुलिस के हाथ खाली हैं। अब तक पुलिस बदमाशों की धर पकड़ तो दूर उनकी पहचान तक नहीं कर सकी है।
Published on:
09 Jan 2020 06:24 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
