
प्रतीकात्मक फोटो
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. कप्तानगंज थाना क्षेत्र के धन्धारी गांव मंगलवार की देर रात संपत्ति विवाद के चलते एक युवक ने अपने पिता और छोटे भाई की गोली मारकर हत्याकर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह पिस्टल लहराते हुए भाग गया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ताबड़तोड़ फायरिंग से गांव में दहशत का माहौल दिखा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के धन्धारी गांव निवासी श्रीनारायण सिंह के तीन पुत्र मनोज सिंह, मनीष सिंह और संदीप सिंह हैं। मनोज का पिता और परिवार के अन्य सदस्यों से संपत्ति बंटवारे का विवाद चल रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पिता श्रीनारायण से मनोज का विवाद मंगलवार की सुबह में हुआ था लेकिन उस समय गांव के लोगों ने मामले को सुझला दिया था। लोगों को लगा कि अब मामला शांत हो गया है।
इसी बीच रात में मनोज ने अपने पिता से फिर विवाद कर लिया। कहासुनी के दौरान ही मनोज ने फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर मनीष भी वहां पहुंच गया। मनीष को अपनी तरफ आता देख मनोज ने उसे भी गोली मार दी। गोली की आवाज से दहशत फैल गयी लेकिन हिम्मत कर मनोज की चाची अवधराजी दोनों को बचाने के लिए दौड़ीं तो मनोज ने उनके ऊपर भी हमला कर दिया।
चुंकि रात का समय था इसलिए गांव में अधिकांश लोंग सो गए थे लेकिन गोली चलने की आवाज से लोगों की नींद टूट गयी फिर भी बदमाश होने की आशंका में कोई घर के बाहर नहीं निकला। परिजनों की सूचना पर पुलिस पहुंची तो ग्रामीण घर सेे बाहर निकलने की हिम्मत जुटा सके। थानाध्यक्ष संजय सिंह के पहुंचने के पहले आरोपी मौके से फरार हो चुका है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया इसी बीच पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। मौके की जांच के बाद उन्होंने बताया कि श्रीनारायण के बेटे मनोज ने ही गोली मारी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
Published on:
22 Jun 2022 02:01 pm

बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
