Ghosi By-Election : घोसी विधानसभा उपचुनाव पर सभी दलों की प्रतिष्ठा लगी हुई है। इस चुनाव में INDIA गठबंधन साथ दिखाई दे रहा है तो सपा और भाजपा के नेताओं में जुबानी जंग भी चल रही है। इसी क्रम में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने आजमगढ़ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या पर बड़ा बयान दिया।
Ghosi By-Election : घोसी उपचुनाव में लगातार बयानबाजियों का दौर चल रहा है। योगी सरकार के मंत्री जहां सपा और सपा प्रत्याशी पर हमलावर हैं। वहीं सपा के नेता भाजपा के नेताओं और दारा सिंह चौहान (Dara Singh Chauhan) पर हमलावर हैं। इसी क्रम में आजमगढ़ पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने घोसी में पिछले कई दिनों से कैम्प कर रहे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद भाजपा के लिए सबसे बड़ा अपशगुन हैं।
जहां जाएंगे केशव मौर्या, वहां हारेगी भाजपा
घोसी जाने के पहले आजमगढ़ में रुके सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या पर जमकर हमला किया और कहा कि डिप्टी सीएम कह रहे हैं कि सपा प्रत्याशी की जमानत जब्त हो जाएगी। मैनपुर चुनाव में भी उन्होने यही दावा किया था। वो जहां-जहां जाते हैं वहां-वहां भाजपा की हार और समाजवादी पार्टी की जीत होती है। वो भाजपा के लिए किसी अपशगुन से कम नहीं है।
मंत्रियों के पास काम नहीं इसलिए घोसी में कैम्प
पत्रकारों ने जब शिवपाल यादव से पूछा की भाजपा के कद्दावर मंत्री और नेता घोसी में कैम्प कर रहे हैं। तो उन्होंने कहा की भाजपा के मंत्री अपने विभाग का काम करते नहीं इसलिए वो खाली हैं और घोसी में कैम्प कर रहे हैं पर इसका कोई फायदा नहीं है। घोसी उपचुनाव में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह की जीत तय है।
ओमप्रकाश को कोई गंभीरता से नहीं लेता
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभार के सवाल पर उन्होंने हंसते हुए कहा कि उन्हें पूरा देश जान गया है। उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता। उनके चुनाव में टहलने या बयानबाजी से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।