
Ai image (Chatgpt)
आजमगढ़: जिले की पुलिस ने भू माफिया और ठगी के एक बड़े गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। कोतवाली और बरदह थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर गैंगस्टर, हिस्ट्रीसीटर और भू माफिया कृष्ण चंद्र राय के गिरोह के लोगों के खिलाफ मुनादी कराई है। आरोप है कि गिरोह ने फर्जी दस्तावेजों और नकली नक्शे की मदद से करोड़ों रूपए की ठगी की है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने गिरोह के फरार सदस्य संगम राय उर्फ कुंदन राय समेत गिरोह के अन्य सदस्यों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुनादी कराई है। न्यायिक मजिस्ट्रेट के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों और उनके मकान के पास पहुंचकर डुगडुगी बजाकर मुनादी कराई और इस दौरान उनके मकान पर नोटिस भी चस्पा किए गए। इस पूरी कार्रवाई के दौरान गवाह भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस टीम ने आरोपियों के परिजनों को तय सीमा के भीतर आरोपियों को अदालत में पेश करने की चेतावनी दी।
दरअसल, आजमगढ़ पुलिस की जांच में यह सामने आया कि गिरोह जमीन की खरीद फरोख्त के नाम पर लोगों को झांसा दिया करता था। इस दौरान गिरोह के सदस्य फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों से पैसे ले लेते थे। पुलिस के मुताबिक, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में गिरोह के सदस्यों के खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें करीब 2 करोड़ 87 लाख रुपए की ठगी का पता चला है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के सरगना कृष्ण चंद्र राय को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह फिलहाल जेल में है। जांच में इस बात की भी पुष्टि हुई है कि पूरे नेटवर्क में उसका परिवार भी शामिल था। उसकी पत्नी रेणु राय और बेटा संगम राय उर्फ कुंदन राय की भूमिका भी इसमें पाई गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्यों के खिलाफ ठगी, जालसाजी, धमकी और कई अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि फरार सभी आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार ताबिश दी जा रही है। मुनादी के दौरान पुलिस ने जनता से सहयोग की अपील की है। पुलिसकर्मियों ने लोगों से कहा कि यदि आरोपियों की कोई जानकारी होती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि जल्द से जल्द इस बड़े नेटवर्क के सभी आरोपी गिरफ्तार हो सकें।
Published on:
11 Apr 2026 12:44 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
