देवरिया जिले में मंगलवार को अनियंत्रित बोलेरो ने विवेचना के लिए जा रहे चौकी इंचार्ज के बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में चौकी इंचार्ज की मौत हो गई जबकि दीवान गंभीररूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विभागीय अधिकारी अस्पताल पहुंच गए हैं।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. देवरिया जिले के मइल थाना क्षेत्र के नरसिंहडांड के समीप राम-जानकी मार्ग पर मंगलवार को अनियंत्रित बोलेरो ने विवेचना करने जा रहे चौकी इंचार्ज की बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में चौकी इंचार्ज की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दीवान गंभीररूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना।
देवरिया जिले के बरहज थाना क्षेत्र के गौरा पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रमाशंकर यादव एक मामले की विवेचना में व्यस्त थे। मंगलवार की सुबह वे विवेचना के लिए बाइक से दीवान अजय सिंह के साथ लार थाना क्षेत्र में जा रहे थे। अभी दोनों नरसिंहडाड के समीप पहुंचे थे कि सामने से आ रही बोलेरो का टायर फट गया और वह अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई। जिसे चौकी प्रभारी व दीवानघायल हो गए।
टायर फटने की तेज आवाज सुनकर आस पास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोग भागकर घटनास्थल पर पहुंचे।घटना स्थल पर पुलिस कर्मियो को देख लोग परेशान हो गए। स्थानीय लोगो की मदद से उन्हें जिला अस्पातल पहुंचाया गया जहां जहां चिकित्सक ने चौकी प्रभारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं दीवान अजय सिंह का उपचार चल रहा है। दुर्घटना की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक भी जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने घायल के संबंध में जानकारी ली। दुर्घटना की सूचना मृतक के परिवार को दे दी गई है। परिवार में कोहराम मचा है। लोग देवरिया के लिए रवाना हो गए है। घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।