16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसा, चलती बस धू-धू कर जली, ऐसे बची यात्रियों की जान

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन 188.6 के पास बस में आग लग गई। बताया जा रहा है कि बस यात्रियों को लेकर जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रही थी। फिलहाल, आग पर काबू पा लिया गया है...

2 min read
Google source verification

जलकर रख हुई बस

आजमगढ़: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार की दोपहर अचानक एक बस में आग लग गई और धीरे-धीरे पूरी बस को ही अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान आग इतनी जबरदस्त थी कि उसका धुंआ कई किलोमीटर दूर से ही देखा जा रहा था। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और यात्रियों के लिए अलग बस की व्यवस्था कराई गई।

जानकारी के मुताबिक, यात्रियों से भरी एक बस जयपुर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन 188.6 के पास बस में आग लग गई। बस में धुआं उठता देख चालक सतर्क हो गया और यात्रियों को एक-एक करके बाहर निकाला। इसके बाद यात्रियों की जान बच सकी।

चालक ने यात्रियों को नीचे उतारा

यह घटना सहेला गांव के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस से अचानक ही धुआं निकलना शुरू हो गया। इसके बाद चालक ने चतुराई से एक-एक यात्रियों को नीचे उतार लिया। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इस दौरान चालक बस को एक सुरक्षित स्थान पर ले गया और बस खड़ी करके वहां से दूर हट गया। इसके बाद बस में अचानक ही आग तेजी से भड़क उठी, जिसका धुआ कई किलोमीटर दूर से भी देखा जा रहा था।

गांव के लोगों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थी कि बस के पास कोई जा तक नहीं पा रहा था। इस दौरान कुछ देर के लिए एक्सप्रेस-वे पर आवागमन बंद करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।

क्या बोले थाना अध्यक्ष

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह लग रहा है कि शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद बस में आग लग गई।हालांकि, इसके वास्तविकता के लिए पड़ताल की जा रही है। बस में लगी आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने दोनों तरफ के आवागमन को सामान्य कर दिया। पवई थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया है कि बस में आग लग गई थी और सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं। किसी के भी हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने चालक की सूझबूझ की तारीफ की है और कहा है कि चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया है। फिलहाल, इस मामले में जांच की जा रही है और बस में आग लगने की असली वजह क्या थी इसका पता लगाया जा रहा है।