17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आजमगढ़ में रिश्वत के चक्कर में धर लिए गए दारोगा जी, अब जाएंगे जेल, मांगी थी एक लाख की घूस

सरायमीर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह को एंटी करप्शन की टीम ने 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता से आरोपी दारोगा ने एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी...

2 min read
Google source verification

AI image (Chatgpt)

आजमगढ़: एंटी करप्शन की टीम ने सरायमीर थाने में तैनात एक दारोगा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता ने मुकदमे से नाम निकलवाने के एवज में दारोगा द्वारा घूस मांगे जाने की शिकायत एंटी करप्शन की टीम से की थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल, एंटी करप्शन की टीम आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

मुकदमे से नाम निकालने के लिए मांगी घूस

सरायमीर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह को एंटी करप्शन की टीम ने 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता अवनीश राय ने इस मामले में एंटी करप्शन की टीम से शिकायत की थी और बताया था कि मुकदमे से नाम निकलवाने के लिए आरोपी दारोगा अभिषेक सिंह ने उनसे एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।

बिलरियागंज थाना क्षेत्र के रहने वाले अवनीश राय ने बताया कि उनके खिलाफ एक फर्जी मुकदमा दायर किया गया है और उसके विवेचन अभिषेक सिंह थे। अवनीश ने बताया कि वह बार-बार मिन्नत कर रहे थे कि उनका नाम मुकदमे से हटा दिया जाए। इसके बाद अभिषेक सिंह ने उनसे एक लाख रुपए की डिमांड की। वह पैसे देने में सक्षम नहीं थे इस वजह से उन्होंने इसकी हामी नहीं भरी, लेकिन आरोपी सब इंस्पेक्टर लगातार दबाव बना रहे थे।

पीड़ित की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

अवनीश अभिषेक द्वारा दबाव बनाए जाने से परेशान हो गए और उन्होंने इसकी शिकायत एंटी करप्शन की टीम से कर दी। एंटी करप्शन की टीम ने प्लान बनाया और केमिकल लगे नोट अवनीश को थमा दिए। अभिषेक सिंह द्वारा बताए गए स्थान पर अवनीश पहुंचे और जैसे ही अभिषेक ने नोट थामा, वैसे ही एंटी करप्शन की टीम ने अभिषेक को पकड़ लिया।

एंटी करप्शन की टीम ने रिश्वत के 20 हजार रुपए आरोपी सब इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह की जेब से बरामद किया है। इसके साथ ही आरोपी सब इंस्पेक्टर के खिलाफ टीम ने मुकदमा दर्ज करवाया है। फिलहाल, टीम आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी सब इंस्पेक्टर को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया जाएगा।