
डीएम से मिलने जाते सपा नेता
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. सीएम योगी के आजमगढ़ दौरे पर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने सीएम पर जिला पंचायत के कार्यों का लोकापर्ण करने का आरोप लगाते हुए इसे सीएम पद का अपमान करार दिया है। वहीं पार्टी ने विधायक रमाकांत यादव की गिरफ्तारी पर भी सवाल उठाया। इस संबंध में सपा नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर विरोध भी दर्ज कराया तथा न्यायोचित कार्रवाई की मांग की। यही नहीं सीएम योगी के मंच पर बीजेपी के निष्कासित एमएलसी यशवंत सिंह व उनके पुत्र एमएलसी विक्रांत सिंह रीशू की उपस्थिति पर भी सवाल उठाया और कहा कि बीजेपी का असली चेहरा सामने आ गया है। वह टिकट किसी और को देती है और चुनाव किसी और को जिताती है। यही नहीं सीएम के कार्यक्रम में तिरंगे के अपमान पर भी सपा ने आक्रोश जताया।
निवर्तमान जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद आगमन पर राष्ट्रीय झंडा तिरंगा से नाला ढ़कने का काम करने वाले अधिकारी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। सुरक्षा के नाम पर गरीबों, ठेला, गुमटी वालों व मजदूरों को सड़क किनारे से हटाने के नाम पर परेशान किया गया। सीएम ने ग्राम, क्षेत्र व जिला पंचायतों द्वारा कराए गए प्रस्तावित कार्यों का उद्घाटन किया, यह मुख्यमंत्री पद का अपमान है। इन विकास कार्यों का उद्घाटन एमपी, विधायक व पंचायत के अध्यक्ष करते हैं। लोकसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री व प्रत्याशी दिनेश लाल यादव ने बनारस, गोरखपुर व सिंगापुर के विकास के बराबर विकास की बात किया था लेकिन इस तरह भी किसी योजना का शिलान्यास नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में संगीत व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए तमाम निर्माण कराये गये जो आज भी निर्माणाधीन है। राहुल प्रेक्षागृह का निर्माण पैसे के अभाव में रूका हुआ है। प्रदेश के निर्माण का अधिकांश बजट वाराणसी व गोरखपुर में खर्च हो रहा है। आजमगढ़ की उपेक्षा की जा रही है। कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के नाम पर पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों के विरुद्ध गैंगेस्टर व रासुका की कार्यवाही की जा रही है। वहीं पर जाति विशेष के बड़े अपराधियों को बनारस में जमानत पर रिहा कर दिया गया। धर्म और जाति के नाम पर अन्य लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। हवलदार ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार आटा, दही, छाछ, मट्ठा आदि पर टैक्स लगाकर गरीबों को रोजी रोटी से वंचित कर रही है। बेरोजगारों को रोजगार देने के नाम पर झूठ बोलकर गुमराह किया जा रहा है। सेना से लेकर अन्य विभागों में नियुक्तियों को पूंजीपतियों के हाथ बेचकर कम पैसे पर संविदा व आउट सोर्सिंग का प्रावधान हो रहा है।
उन्होंने बसपा और भाजपा पर अंधरूनी तालमेल का आरोप लगाते हुए कहा कि इनके तालमेल के कारण ही दिनेश लाल निरहुआ चुनाव जीत गए। आने वाले 2024 के चुनाव में सपा दोनों सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा का चेहरा बेनकाब करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा टिकट किसी और को देती है चुनाव किसी और जिताने का काम करती है। मुख्यमंत्री के मंच पर रिशु सिंह एमएलसी और अरूणकांत यादव का मौजूद रहना इस बात का प्रमाण है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला। सपा नेताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंप समाजवादी पार्टी के फूलपुर विधायक रमाकांत यादव के ऊपर मुकदमें लगाये जाने को गैरवाजिब बताया। प्रतिनिधिमंडल में निवर्तमान जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, संग्राम यादव, पूजा सरोज, रामदुलार राजभर, डा. एचएन पटेल, अखिलेश यादव, नफीस अहमद, रामआसरे विश्वकर्मा, नन्दकिशोर यादव, पूर्व विधायक बृजलाल सोनकर आदि शामिल थे।
Published on:
05 Aug 2022 05:33 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
