बहराइच जिले में पत्नी गर्भपात के लिए तैयार नहीं हुई और दहेज में एसी और कार की डिमांड पूरी नहीं हुई तो पति ने पत्नी के पेट पर लात से हमला किया। इसके बाद उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़। बहराइच में एक युवक दहेज में कार और एसी नहीं मिलने से पत्नी से नाराज था जब पत्नी गर्भवती हुई तो उसने गर्भपात का दबाव बनाया लेकिन वह तैयार नहीं हुई तो पत्नी के पेट पर पैर से माारते हुए तीन तलाक दे दिया। यही नहीं उसने परिवार के साथ मिलकर पत्नी को घर से भी निकाल दिया। पति ने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता शिकायत लेकर थाने पहुंची लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने जब एसपी से मिलकर अपना दर्द बताया तो उनके आदेश पर शहर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के किला मोहल्ला निवासी पीड़िता सना का आरोप है कि 11 फरवरी 2022 को उसकी शादी सारिक पुत्र जमाल निवासी मोहल्ला रज्जबगंज ठाकुरगंज लखनऊ के साथ हुई थी। सना के भाइयों ने शादी के वक्त एक लाख रुपये कैश, एक्टिवा स्कूटी ज्वेलरी और अन्य दहेज का सामना दिया था लेकिन बाद मे ससुराल पक्ष के लोगों ने एक कार और एसी की मांग शुरू कर दी। सना ने ये बात अपने भाइयों को बताया तो उन्होंने दहेज देने में असमर्थता जताई। इस बात से नाराज ससुराल के लोग सना के साथ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने लगे।
सना के मुताबिक ससुराल के लोग शादी के कुछ दिनों बाद ही बच्चे पैदा न होने पर घर छोड़कर जाने का दबाव बनाने लगे। इसके कुछ दिनों बद जब गर्भवती हुई तो गर्भपात कराने का जोर देने लगे। मना करने पर पति ने पेट पर लात मार दी। वही ससुराल वालों के उकसाने पर पति ने तीन तलाक देकर घर से भगा दिया। मायके आने पर सना ने अपने भाइयों और रिश्तेदारों से ससुराल वालों से बात करने को कहा। लेकिन ससुराल पक्ष ने सना को रखने से साफ इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद पीड़िता द्वारा आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। शहर कोतवाल शैलेश सिंह ने बताया कि पति सारिक और उसके मां-बाप समेत अन्य पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली गलौज, जानमाल की धमकी, मुस्लिम महिला अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी होंगे उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।