पुलिस थाने में मामला दर्ज
चौमूं/कालाडेरा. पेयजल संकट से जूझ रहे चौमूं शहर में गुवारड़ी एवं बलेखण से जलापूर्ति किए जाने वाले आधा दर्जन नलकूपों से बीती रात चोर केबिल चोरी कर ले गए। रात को टंकियों में पानी की आवक नहीं होने और नलकूप बंद होने से जलदाय विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों में हडकंप मच गया। कर्मचारियों ने रात करीब 1 बजे नलकूपों को जाकर संभाला तो गुवारड़ी में छह नलकूपों की और बलखेण में दो नलकूपों की करीब 155 फीट केबिल गायब मिली। केबिल चोरी होने की वजह से चौमूं शहर में करीब 2.90 लाख लीटर पानी की आवक नहंी हो पाई तो 48 घंटे एक बार होने वाली सुबह की जलापूर्ति प्रभावित रही तो शाम की जलापूर्ति बिल्कुल ठप रही है। सुबह कम और शाम को नलों में पानी नहीं आने से उपभोक्ताओं में गुस्सा रहा। धोली मंडी में कई उपभोक्ताओं ने जलापूॢत प्रभावित होने से विरोध भी जाहिर किया।
जानकारी के अनुसार चौमूं शहर में सालों से करीब 10-12 किमी दूर गुवारड़ी और बलेखण में बने नलकूपों से जलापूर्ति होती है। दोनों स्थानों पर पंप हाउस बने हुए है। जहां से चौमूं शहर में बनी टंकियों में पानी की आवक होती है। इसके बाद शहर में रोटेशन प्रणाली के तहत जलापूर्ति की जाती है। शहर के बनाए जोन के हिसाब से 48 घंटे में एक बार जलापूर्ति की जाती है। बीती रात को चोरों की ओर से नलकूपों की केबिल चोरी किए जाने से आधे शहर में जलापूॢत प्रभावित रही। नलों में पानी की आवक नहीं होने से उपभोक्ताओं में गुस्सा रहा।
निजी टैंकरों का लिया सहारा
प्रभावित इलाके में अधिकतर उपभोक्ताओं ने निजी टैंकरों से पानी मंगवाकर प्यास बुझाई। इससे लोगों में अक्रोश भी रहा। लोगों का कहना था कि पहले ही शहर में 48 घंटे में एक बार जलापूर्ति होती है। चोरों ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। निजी टैंकर संचालकों ने 500-600 रुपए तक वसूले है।
सुबह आंशिक तो शाम को पूर्ण बंद रही जलापूर्ति
नलकूपों की केबिल चोरी होने की वजह से शहर में सुबह की जलापूर्ति आंशिक तो शाम की जलापूर्ति पूर्ण रुप से बंद रही। यहां ए जोन में धोली मंडी, नया बाजार, पुरोहितों का मोहल्ला, सी जोन में इंदिरा कॉलोनी, धोली मंडी वाले एरिया में सुबह जलापूर्ति आंशिक और ए जोन में मोरीजा रोड, मदीना कॉलोनी, सी जोन में संतोषी माता वाला एरिया, स्टेशन की तरफ, कन्या महाविद्यालय पंप हाउस से मोरीजा रोड एवं पावर हाउस वाली जलापूर्ति पूरी तरह से प्रभातिव रही।
चोरी का मामला दर्ज कराया
केबिल चोरी होने को लेकर जलदाय विभाग के ठेकेदार की ओर से पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने दर्ज मामले पर जांच शुरू कर दी है। रात को जलापूर्ति के दौरान रात करीब एक बजे टंकियों में पानी की आवक नहीं हुई तो कर्मचारियों में खलबली मच गई। कर्मचारियों ने गुवारड़ी और बलेखण नलकूप संभाले तो आठ नलकूप बंद मिले और केबिल भी गायब मिली। सूचना पर एईएन एवं जेईएन ने मौका मुआयना किया।
इनका कहना है
चोर गुवारड़ी में 6 और बलेखण में 2 नलकूप की केबिल काट ले गए। रात करीब 1 बजे पानी की आवक बंद होने से पता चला। हालांकि दूसरी केबिल लगाकर नलकूप चालू करा दिए है, लेकिन सुबह की आपूर्ति आंशिक एवं शाम की आपूर्ति पूर्ण प्रभावित रही है। तकरीब 2.90 लाख पानी की आवक कम रही है।
-आशुतोष सैनी, कनिष्ठ अभियंता, जलदाय विभाग चौमूं।