
शहर का मगध नगर गुरुवार सुबह 11 बजे तेज धमाके के साथ गूंज उठा। एक दवा व्यवसायी के मकान में धमाके के साथ भीषण आग लग गई। आग में दवाओं के कर्टन सहित एक कार जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई। घटनास्थल पर एक सिलेंडर भी जला मिला है।
जयपुर/चौमूं. शहर का मगध नगर गुरुवार सुबह 11 बजे तेज धमाके के साथ गूंज उठा। एक दवा व्यवसायी के मकान में धमाके के साथ भीषण आग लग गई। आग में दवाओं के कर्टन सहित एक कार जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई। घटनास्थल पर एक सिलेंडर भी जला मिला है। धमाके के साथ उठी लपटों से मकान सहित आसपास के मकानों के लोगों में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए सभी मकान छोड़कर भाग गए। आधा घंटे बाद पहुंची दो दमकलों ने आग पर काबू पाया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि लपटें मकान में बने दवाइयों के गोदाम तक नहीं पहुंची अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पास में घरेलू गैस के सिलेंडर भी पड़े थे। देर शाम तक आग लगने के पुख्ता कारणों का पता नहीं चल पाया।
पुलिस के अनुसार मकान मालिक के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट से लगी है तो आसपास के लोग गैस सिलेंडर से लीकेज होने से भी आग लगने के कयास लगाते रहे। घटनास्थल के पास से अग्निशमन कार्मिकों को दो घरेलू सिलेंडर व एक मोटर मिली। इन्हें वे ले गए। एक सिलेंडर जला भी मिला है।
लोगों ने बताया कि मगध नगर निवासी दवा व्यवसायी रमेश बजाज के मकान में ११ बजे जोरदार धमाके के साथ लपटें व धुआं उठता नजर आया। आधे घंटे तक कार व दवाओं के कर्टन जलते रहे। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक आग विकराल हो गई थी। सूचना पर मौके पर पहुंची दो दमकल की सहायता से पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष कालूराम जाट सहित बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाया। आग से बिजली फिंटिग व फर्नीचर भी जला है। घटनास्थल का पूर्व विधायक भगवानसहाय सैनी ने जायजा भी लिया।
जून में ही लाए थे नई कार
कबाड़ बनी कार जून में ही खरीदी गई थी। गाड़ी का एक टायर तो उछलकर दूर जा गिरा। आग की लपटें ३० फीट दूर तक उठती रही। इससे पास के मकान वाले सहम रहे। अग्निशमन कार्मिकों ने घटनास्थल के मकान में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घटना के दौरान विद्युत आपूर्ति जारी थी। लोगों ने निगम को सूचना देकर इसे बंद करवाया।
दवाओं को बना रखा था गोदाम
मकान के तलघर में दवाओं और सेनेटाइजर का गोदाम है। लपटें गोदाम तक नहीं पहुंची। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। मकान मालिक के बेटे मनीष ने बताया कि 104 कर्टन कार के पास भी रखे थे। इनमें से कई जल गए। घटना के दौरान चार-पांच मजूदर भी काम कर रहे थे और घर के लोग मकान में थे। आग से सामने रहने वाली पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिभा शर्मा के मकान में लगा पर्दा भी जल गया।
पुख्ता कारण नहीं पता चले
आग में दवाओं के कर्टन, कार सहित एक सिलेंडर जला है। आग के पुख्ता कारणों का पता नहीं चला है। पीडि़त परिवार ने शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की बात कही है। घटनास्थल के पास दो सिलेंडर मिले हैं। इन्हें अग्निशमन केंद्र ले आए हैं। उच्चाधिकारियों के परामर्श से इनका निस्तारण किया जाएगा।
सुरेशकुमार यादव, सहायक अग्निशमन अधिकारी, चौमूं।
Published on:
06 Aug 2020 09:01 pm

बड़ी खबरें
View Allबगरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
