
इंदिरा गांधी की प्रतिमा का देर रात कार्यकर्ताओं ने कर दिया अनावरण, 17 सालों से कपड़े में लिपटी थी
किशनगढ़ रेनवाल. करीब डेढ़ दशक से अधिक समय से रेनवाल नगरपालिका परिसर में कपड़े में लिपटी इंदिरा गांधी Indira Gandhi की प्रतिमा का शुक्रवार रात एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने अनावरण कर दिया। इससे पहले मंगलवार को भी एक जने ने मूर्ति का अनावरण करने का प्रयास किया था, जिसे पालिकाकर्मियों ने भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब दस बजे कांग्रेस कार्यकर्ता महेन्द्र सुलतानिया के साथ करीब एक दर्जन कार्यकर्ता पालिका कार्यालय पहुंचे और परिसर में कपड़े में लिपटी इंदिरा गांधी की प्रतिमा का अनावरण कर दिया। सूत की माला पहनाने के बाद नारे लगाने शुरू कर दिए।
इस बीच पालिकाकर्मी भी पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही इसका अघोषित अनावरण हो गया। पालिका कर्मचारियों ने सूचना रेनवाल पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन जनों को गिरफ्तार कर लिया।
अनावरण करने वाले कार्यकर्ताओं का कहना था कि भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री की प्रतिमा कई वर्षों से कपड़े में लिपटी थी। राजनीतिक पेच के चलते कोई भी इसका अनावरण नहीं कर रहा था। 19 नवम्बर को भी कुछ कार्यकर्ता इसका अनावरण करने पहुंचे थे लेकिन उन्हें पालिका कर्मचारियों व पुलिस ने वहां से लौटा दिया था। ज्ञात रहे कि पुलिस ने महेन्द्र सुलतानिया सहित तीन जनों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया था जिन्हें शनिवार को जमानत पर छोड़ दिया। गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों से कपड़े में लिपटी इस प्रतिमा के अनावरण को लेकर कई बार कवायद हुई, लेकिन राजनीतिक विरोध के चलते अनावरण नहीं हो सका।
Updated on:
24 Nov 2019 12:18 am
Published on:
23 Nov 2019 11:47 pm
बड़ी खबरें
View Allबगरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
