कालवाड़ (जयपुर). थाना क्षेत्र के पचार स्थित रामकुई बस स्टैंड पर चोरों ने रविवार रात को ज्वैलर्स की दुकान को निशाना बना जेवरात व अन्य सामान चुरा ले गए। प्रजापति स्वर्णकार संघ कालवाड़ परिक्षेत्र के विनोद प्रजापत ने बताया कि चोरों ने देर रात रामकुई बस स्टैंड स्थित कैलाश कुमावत के लक्ष्मी ज्वैलर्स के शटर तोड़ अन्दर घुस रैक में रखे सोने-चांदी के जेवरात, गैस सिलेंडर, कूल आदि चुरा ले गए। सोमवार सुबह दुकान का शटर टूटा देख बड़ी संख्या में व्यापारी व दुकान एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कालवाड़ पुलिस ने मौके पर जाकर चोरी की घटना का जायजा लिया। गौरतलब है कि रामकुई बाजार में चोरों ने 6 अप्रेल को भी एक ज्वैलर्स की दुकान का निशाना बनाया था। रामकुई बाजार की घटना के साथ ही कापडिय़ावास गांव में भी रात को ही चोरों ने शराब की दुकान को निशाना बना विभिन्न ब्रांडों की शराब ले गए।