लांजी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी का विरोध जारीबाइक रैली निकालकर जिला मुख्यालय पहुंचे पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी
बालाघाट. लांजी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के घोषित प्रत्याशी का विरोध अब भी जारी है। बुधवार को भटेरे समर्थकों ने लांजी से बाइक रैली निकाली। जिला मुख्यालय पहुंचे। पार्टी कार्यालय के सामने धरना दिया। प्रत्याशी बदले जाने की मांग की। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की।
जानकारी के अनुसार भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व ने बैहर और लांजी विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। बैहर में पूर्व विधायक भगत नेताम को तो लांजी में राजकुमार कर्राहे को प्रत्याशी घोषित किया है। लांजी विधानसभा क्षेत्र में राजकुमार कर्राहे को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद से ही विरोध शुरु हो गया है। पूर्व विधायक रमेश भटेरे समर्थक लगातार इसका विरोध कर रहे हैं। इसके पूर्व भी भटेरे समर्थकों ने लांजी मुख्यालय में रैली निकालकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। इतना ही नहीं कुछेक स्थानों में पार्टी की बैठक में राजकुमार कर्राहे को भटेरे समर्थकों ने शामिल नहीं होने दिया था। इसके बाद बुधवार को एक बार फिर भटेरे समर्थकों ने लांजी से बाइक रैली निकाली। जिला मुख्यालय पहुंचकर पार्टी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से लांजी विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी बदले जाने की मांग की है। इस रैली में लांजी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल, मोर्चा, बूथ, पन्ना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
नुक्कड़ सभा का हुआ आयोजन
प्रदर्शनकारी भाजपा नेता व भटेरे समर्थकों ने पार्टी कार्यालय के सामने ही नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पार्टी के प्रदेश व केन्द्रीय नेतृत्व ने बगैर सर्वे किए ऐसे व्यक्ति को पार्टी प्रत्याशी बना दिया है, जो भाजपा में नहीं था। आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेता को पार्टी प्रत्याशी बनाया जाना कतई मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश व केन्द्रीय नेतृत्व को इस पर विचार करना होगा। पूर्व विधायक रमेश भटेरे ने हर समय कार्यकर्ताओं का ध्यान रखा। पार्टी को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर तक कार्य किया। बावजूद इसके केन्द्रीय चयन समिति ने उन्हें नजर अंदाज कर दिया।
प्रत्याशी नहीं बदले तो घर बैठ जाएंगे कार्यकर्ता
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पार्टी केन्द्रीय नेतृत्व यदि प्रत्याशी बदलने पर विचार नहीं करती है तो सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता घर बैठ जाएंगे। कोई भी कार्यकर्ता राजकुमार कर्राहे के लिए कार्य नहीं करेगा।
इनका कहना है
लांजी, किरनापुर मंडल के पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने प्रत्याशी चयन को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। जिला नेतृत्व इस पर कुछ भी नहीं कर सकता। कार्यकर्ताओं की मंशा से प्रदेश व केन्द्रीय नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा। प्रदेश व केन्द्रीय नेतृत्व का जो भी निर्णय होगा, उसे सभी को मानना पड़ेगा।
-सत्यनारायण अग्रवाल, जिला अध्यक्ष भाजपा