
बालाघाट. जिले में रविवार की रात्रि जगह-जगह शुभ मुहूर्त पर होलिका दहन किया गया। इसके पूर्व होलिका की पूजा-अर्चना की गई। होली के गीतों की प्रस्तुति दी। लोगों ने गीतों पर थिरककर खुशियां मनाई। इसी के साथ पांच दिवसीय रंगोत्सव पर्व शुरु हो गया। लोकसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू होने के चलते पुलिस भी सख्त रही। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की हुडदंगियों पर विशेष नजरें बनी रही। होली पर्व को लेकर जगह-जगह रंग-गुलाल व पिचकारी, मुखौटे, शक्कर के पाक से बनी मिठाई की माला की दुकानें सजी रही। रविवार को पूरे दिन बाजार में चहल-पहल नजर आई।
होली पर्व को लेकर जगह-जगह होलिका दहन की तैयारियां की गई थी। शुभ मुहुर्त पर रात्रि में प्राचीन परम्परानुसार प्रमुख व्यक्ति के घर से आरती की थाल सजाकर लाई गई। होलिका दहन स्थल पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की गई। होलिका के बीच बांस का डंडा लगाया गया। डंडे में श्रीफल व मिठाइयां बांधकर होली जलाई गई। इसी के साथ रंगोत्सव का पर्व प्रारंभ हो गया। 25 मार्च को रंग-गुलाल खेला जाएगा। इसके दूसरे दिन 26 मार्च को भी होली मनाई जाएगी। नगर के सभी 33 वार्डों में सार्वजनिक रुप से चौक-चौराहों के अलावा गली मोहल्लों में भी बच्चों व युवाओं की टोली ने होलिका दहन किया। एक दूसरे को गुलाल का तिलक लगाकर होली पर्व की बधाईयां दी।
पांच दिनों तक चलेगा रंगोत्सव
रंगो का पर्व पांच दिनों तक चलेगा। महाराष्ट्र राज्य से जुड़ा जिला होने के कारण यहां पर होलिका पर्व को काफी हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। होली पर्व को पांच दिनों तक मनाया जाता है। इस कारण इसे रंग पंचमी के नाम से भी जाना जाता है। लेकिन रंगो के इस पर्व को धुरेड़ी के नाम से जाना जाता है, जो होलिका दहन के दूसरे दिन से मनाया जाता है। धुरेडी-रंग-गुलाल का पर्व है। इस दिन जमकर रंग गुलाल खेला जाता है। गांव व शहर कोई भी इससे अछूृता नहीं रहता।
बालाघाट पुलिस की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील है कि सभी पर्व आपसी सद्भाव व सौहार्द के साथ मनाएं। हुडदंग न करें। शराब पीकर वाहन न चलाए। नियमों का पालन करें। आचार संहिता लागू होने के चलते काफी पाबंदियां है, जिसका भी पालन करना आवश्यक है। शहरवासियों की सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर और प्रतिबद्ध है। असामाजिक तत्वों, गुण्डे बदमाश यदि किसी भी प्रकार की कोई अनैतिक गतिविधि को अंजाम देने का प्रयास करते हैं तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।
अग्रवाल समाज की महिलाओं ने की पूजा अर्चना
रविवार को प्राचीन परंपरा अनुसार अग्रवाल समाज की महिलाओं ने होलिका की पूजा अर्चना की। इसके बाद होलिका दहन किया। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली पर्व की बधाई दी। अग्रवाल समाज की महिलाओं ने बताया कि होली पर्व के दिन माता लक्ष्मी का डोला लेते हैं। ताकि घर में माता लक्ष्मी की कृपा बनी रहे। इसी दिन से माता पार्वती और भगवान शंकर की पूजा अर्चना शुरू करते हैं। जो 16 दिन तक चलेगी। उन्होंने बताया कि होली पर्व को लेकर अग्रवाल समाज की अनेक परम्पराओं का निर्वहन किया जाता है, जो इस बार भी जारी रहा।
Published on:
24 Mar 2024 08:31 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
