22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नगर पालिका के गेट में जड़ा ताला, पेयजल आपूर्ति को लेकर किया प्रदर्शन

जल समस्या को लेकर कांग्रेसी पार्षदों ने जताया विरोधप्रदर्शन के बाद नगर पालिका ने दिया दोनों वक्त जलापूर्ति का आश्वासन

2 min read
Google source verification
नगर पालिका के गेट में जड़ा ताला, पेयजल आपूर्ति को लेकर किया प्रदर्शन

नगर पालिका के गेट में जड़ा ताला, पेयजल आपूर्ति को लेकर किया प्रदर्शन


बालाघाट. नगर में पेयजल आपूर्ति की समस्या को लेकर कांग्रेसी पार्षदों ने शुक्रवार को नगर पालिका के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका के गेट पर ताला जड़ दिया। जमकर नारेबाजी की। नगर पालिका प्रबंधन ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। दोनों वक्त जलापूर्ति किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। हालांकि, कांग्रेसी पार्षदों का कहना है कि दोनों वक्त जलापूर्ति नहीं की जाती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार नगर में दोनों वक्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। जिसके कारण वार्डवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में जल शोधन संयंत्र की मोटर खराब होने से यह समस्या और गहरा गई। हालंाकि, मोटर का सुधार कार्य कर लिया गया है। लेकिन पेयजल आपूर्ति की समस्या जस की तस बनी हुई है। शुक्रवार को नगर पालिका परिषद नेता प्रतिपक्ष योगराज लिल्हारे के नेतृत्व में कांग्रेसी पार्षदों व नेताओं ने नगर पालिका के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने प्रदर्शन किया।
नेता प्रतिपक्ष योगराज लिल्हारे ने बताया कि नगर में 38 करोड़ रुपए की जल आवर्धन योजना है। लेकिन वार्डवासियों को दोनों वक्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। दोनों वक्त जलापूर्ति की लगातार मांग की जा रही है। लेकिन नगर पालिका प्रबंधन गंभीर नहीं है। पूर्व पार्षद शफकत खान ने बताया कि 38 करोड़ रुपए की जलावर्धन योजना में ठेकेदार ने सही ढंग से कार्य नहीं किया। पूर्व में इसकी शिकायत भी की गई थी। मामले की जांच के आदेश भी हुए थे। बावजूद इसके नगर पालिका जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर रही है। गर्मी में पानी के लिए शहर में हाहाकार मचा हुआ है। जलावर्धन योजना का कार्य करने वाले ठेकेदार को संरक्षण दिया जा रहा है। कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिसका खामियाजा वार्डवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
बैठक में हुई चर्चा
प्रदर्शन के बाद पार्षदों और नगर पालिका प्रबंधन की बैठक हुई। बैठक करीब एक घंटे तक चली। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, सीएमओ निशांत श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। बैठक में तय किया गया कि दोनों वक्त जलापूर्ति की जाएगी। सुबह पुरानी और शाम को नई पाइप लाइन के माध्यम से जलापूर्ति करने का निर्णय लिया गया है।
इनका कहना है
मोटर में खराबी के कारण नगर में पेयजल आपूर्ति बाधित हुई थी। बैठक में चर्चा कर दोनों वक्त जलापूर्ति का निर्णय लिया गया है। सुबह पुरानी और शाम को नई पाइप लाइन से पेयजल की आपूर्ति की जाएगी।
-निशांत श्रीवास्तव, सीएमओ, नपा बालाघाट
नगर में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। वार्डवासी काफी परेशान है। शुक्रवार को छोटा प्रदर्शन किया गया है। यदि नगर में दोनों वक्त पर्याप्त जलापूॢत नहीं की जाती है तो अब उग्र आंदोलन किया जाएगा।
-योगराज लिल्हारे, नेता प्रतिपक्ष नपा