बालाघाट. विधायक अनुभा मुंजारे ने रविवार को बालाघाट रेलवे स्टेशन का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जहां निर्माण कार्यों का जायजा लिया। वहीं यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और होने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने रेलवे विभाग के अधिकारियों को जनहित में हर संभव मदद करने का आश्वासन भी दिया है।
जानकारी के अनुसार बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे रविवार को अचानक रेलवे स्टेशन के निरीक्षण पर पहुंची। इस दौरान स्टेशन में उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत हो रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। स्टेशन के अंदर निरीक्षण कर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। यात्रियों को होने वाली परेशानियों को जाना। निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन मास्टर ने उन्हें स्टेशन में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए होने वाले आवश्यक कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान नगर पालिका परिषद बालाघाट के नेता प्रतिपक्ष योगराज लिल्हारे, छबिराम नागेश्वर सहित अन्य मौजूद थे।
निरीक्षण के बाद विधायक मुंजारे ने चर्चा के दौरान बताया कि अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है। लेकिन विडंबना यह है कि यहां कोई भी तकनीकी अधिकारी मौजूद नहीं है। बुलावे पर रेलवे के एक इंजीनियर मौके पर पहुंचे। जिन्हें भी निर्माण कार्य से संबंधित जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि स्टेशन के कायाकल्प में तकनीकी मापदंडों की अनदेखी की जा रही है।