
बालाघाट. रुपझर थाना क्षेत्र अंतर्गत 29 सितंबर की सुबह हॉक फोर्स के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस घटना में एक इनामी नक्सली ढेर हो गया। नक्सली की पहचान एसीएम टांडा संयुक्त दर्रेकसा एरिया कमेटी और एसजेडसीएम दामा के गार्ड कमलू (25) के रुप में की गई है। मृतक नक्सली कमलू मूलत: गंगालूर पश्चिम बस्तर जिला बीजापुर (छग) का निवासी था। कमलू पर तीन राज्यों में 14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। जिसमें मध्यप्रदेश में तीन लाख रुपए, छत्तीसगढ़ में 5 लाख रुपए और महाराष्ट्र राज्य में 6 लाख रुपए का इनाम शामिल है। कमलू पर मध्यप्रदेश में 24 अपराध दर्ज है। घटना स्थल से पुलिस ने नक्सल साहित्य सहित अन्य सामग्री जब्त की है। जबकि नक्सली कमलू के पास से 30.06 बोर की रायफल जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ रुपझर थाना क्षेत्र के सोनगुड्डा चौकी अंतर्गत कुंदल-कोद्दापार और सोगुंदा के जंगल में हुई है। जंगल में एसडीजी बिरसा हॉकफोर्स की टीम सर्चिंग कर रही थी। इस दौरान नक्सलियों ने जवानों को देखकर फायरिंग कर दी। हॉकफोर्स के जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। फायरिंग में नक्सली कमलू की मौत हो गई। इस घटना के बाद आइजी संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ और सीईओ हॉक भी घटना स्थल पहुंचे।
इस वर्ष की दूसरी बड़ी सफलता
नक्सल उन्मूलन में लगे जवानों को इस वर्ष दूसरी बड़ी सफलता मिली है। अप्रेल माह में गढ़ी थाना क्षेत्र के कदला के जंगल में हुई मुठभेड़ में दो इनामी महिला नक्सलियों को मार गिरया था। दोनों ही महिला नक्सलियों पर मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र राज्य में 14-14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। दोनों ही मृत महिला नक्सलियों पर मध्यप्रदेश में 3-3 लाख, छत्तीसगढ़ में 5-5 लाख और महाराष्ट्र राज्य में 6-6 लाख रुपए का इनाम घोषित था। इस घटना में भोरमदेव एरिया कमेटी मेम्बर सुनीता उर्फ सोमडी मंडावी (एसीएम) निवासी ग्राम नागराम थाना जगरगुण्डा जिला सुकमा (छग) और खटिया मोचा दलम एरिया कमेटी मेम्बर सरिता उर्फ बिज्जे निवासी ग्राम जोनागुडेम थाना चिंतलनार जिला सुकमा (छग) की मौत हुई थी। मौके से पुलिस ने दो थ्री-नॉट-थ्री बंदूक, 56 जिंदा कारतूस, खाद्य सामग्री, दवाएं सहित अन्य सामग्री जब्त किए थे।
इनका कहना है
हॉकफोर्स और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक इनामी नक्सली ढेर हो गया है। नक्सली पर तीन राज्यों का 14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। नक्सली पर मध्यप्रदेश में 24 अपराध दर्ज है। घटना के बाद से जंगल में सर्चिंग बढ़ा दी गई है। जवानों को अलर्ट कर दिया गया है।
-संजय सिंह, आइजी, बालाघाट जोन
Published on:
29 Sept 2023 10:13 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
