1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भू-अभिलेख विभाग के पोर्टल से पौनिया गांव का नक्शा हुआ गायब

तीन माह से पोर्टल में नजर नहीं आ रहा है नक्शाग्रामीणों की शिकायत पर भी विभाग गंभीर नहीं

2 min read
Google source verification
08_balaghat_102.jpg


भानेश साकुरे
बालाघाट. मप्र भू-अभिलेख के पोर्टल से तिरोड़ी तहसील के ग्राम पौनिया का पूरा नक्शा गायब हो गया है। यह नक्शा तीन माह पूर्व से नजर नहीं आ रहा है। बावजूद इसके राजस्व विभाग ने अभी तक इसमें सुधार नहीं किया है। पोर्टल से नक्शा गायब होने से ग्रामीणों को उनके जमीन से जुड़ी जानकारी नहीं मिल पा रही है। किसानों को भी परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत भी की है। लेकिन समस्या का निराकरण नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पौनिया में करीब 19 सौ मतदाता हैं। यहां की आबादी 21 सौ से अधिक है। गांव में भू-स्वामी और किसान करीब 13 सौ है। ऐसे में ग्रामीणों को भू-अभिलेख के पोर्टल से नक्शा देखना है तो उन्हें मौजूदा समय में यह सुविधा नहीं मिल पा रही है। जिसके कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत भी की है। लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया है।
समीपस्थ गांवों का नजर आ रहा नक्शा
भू-अभिलेख विभाग के पोर्टल में समीपस्थ गांवों का नक्शा नजर आ रहा है। विडम्बना यह है कि केवल पौनिया गांव की ही नक्शा गायब हुआ है। पौनिया से सटे गांव धनकोसा, बोथवा, तिरोड़ी, डोंगरगांव, चौखंडी, मेहदुली, मानेगांव सहित ऐसे अन्य गांव हैं, जिनका पोर्टल पर आसानी से नक्शा देखा जा सकता है।
नक्शा की उपयोगिता
किसी खेत, जमीन या प्लाट के लिए नक्शा एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। कृषि संबंधित अधिकांश सरकारी योजनाओं में इसकी जरुरत पड़ती है। दरअसल, नक्शा में जमीन का वास्तविक विवरण अंकित होता है। जैसे कोई जमीन कौन से स्थान, गांव, तहसील, जिला में है और उस जमीन का कुल एरिया कितना है के बारे में जानकारी मिल जाती है। इधर, शासन ने मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का दूसरा चरण लागू किया है। जिसके तहत जिले में भूमि सीमांकन के लंबित प्रकरणों का निराकरण करने विशेष अभियान चलाया गया है। भूमि सीमांकन में भी यह नक्शा कारगार सिद्ध होता है।
इनका कहना है
मुझे अपने खेत का नक्शा चाहिए था। लेकिन वह नहीं मिल रहा है। भू-अभिलेख विभाग के पोर्टल में नक्शा खोजा गया, लेकिन वहां नक्शा नहीं दिख रहा है। इसकी शिकायत भी की गई। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
-दुलीचंद टेम्भरे, किसान, पौनिया
पोर्टल में पौनिया गांव का नक्शा तकनीकी समस्या के कारण नजर नहीं आ रहा है। इसकी जानकारी वरिष्ठों को दे दी गई है। हमारे लिए पृथक से लॉगिन आइडी होती है, जिसमें पोर्टल खोलकर अभिलेख से जुड़े अन्य सभी कार्यों को पूरा करते हैं।
-हेमंत पटले, पटवारी, पौनिया
पौनिया गांव का नक्शा नहीं दिखने की जानकारी मुझे नहीं है। तिरोड़ी तहसीलदार ने भी मुझे अवगत नहीं कराया है। आपने मामला संज्ञान में लाया है। एमओएस की गड़बड़ी के कारण भी नक्शा शो नहीं हो पा रहा होगा। लेंड रिकार्ड में नक्शा चेक करवाते हैं। यदि वहां पर होगा तो इसे अपलोड किया जाएगा।
-एसएस परतेती, एसएलआर, बालाघाट

Story Loader