बलिया

Ballia News : हीट वेव से बलिया में हुई मौत के आंकड़ों पर डिप्टी सीएम ने की कार्रवाई, हटाए गए सीएमएस

Ballia News: बलिया में लगातार मौसम गर्म है। आईएमडी के अनुसार अभी गर्म हवाओं से राहत मिलते नहीं दिखाई दे रही है। ऐसे में हीट वेव से हुई मौत के आंकड़ों ने आम जनता को भी परेशान कर दिया था।

2 min read
Jun 18, 2023
Ballia News

Ballia News : उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। गर्मी अपना कहर ढा रही है और हीट वेव लगातार लोगों को अपना शिकार बना रही है। इसी क्रम में बलिया जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ दिवाकर सिंह ने एक बयान में बलिया में हीट वेव से 50 से ऊपर लोगों की मौत के आंकड़े को बताया था। इस आंकड़े के सामने आने के बाद बलिया से लखनऊ तक हड़कंप मच गया था। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए सीएमएस को तत्काल प्रभाव से हटा दिया और शासन स्तर से दो निदेशक लेवल के अधिकारीयों को जांच के लिए भेजा है।

सरकार ने लिया है बलिया हीट वेव मौत का संज्ञान

इस सम्बन्ध में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने बताया कि बलिया में हीट वेव से मौत के आंकड़ों को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हुई है। इसमें बलिया जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ दिवाकर सिंह ने गैर जिम्मेदाराना बयान दिया है। इस बयान को संज्ञान में लेते हुए शासन स्तर पर जिलाधिकारी को निर्देशित करते हुए सीएमएस को तत्काल हटा दिया गया है।

दो निदेशक स्तर के अधिकारी बलिया रवाना

डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए लखनऊ से शासन स्तर से दो निदेशक लेवल के स्वास्थ्य अधिकारियों को बलिया भेजा गया है। ये दोनों अधिकारी जल्द ही शासन को हीट वेव को लेकर पूरी रिपोर्ट भेजेंगे और मौत के आंकड़े भी बताएंगे।

सोशल मीडिया पर चलने से मचा था हड़कंप

शुक्रवार को जिला अस्पताल में दो दिन में 34 मरीजों की मौत की जानकारी सामने आने पर हड़कंप मच गया था। सोशल मीडिया पर यह खबर वायरल हुई तो लखनऊ तक हड़कंप मचा और जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और सीएमओ डॉ जयंत कुमार रविवार को अस्पताल पहुंचे और जांच की। पूछताछ के बाद उन्हेने शासन स्तर पर जानकारी दी जिसके बाद यह कार्रवाई हुई।

बोले जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने बताया कि शासन ने निदेशक स्तर के दो अधिकारियों को मौतों की जांच के लिए भेजा है। जो अपनी जांच रिपोर्ट जल्द ही देंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक हीट वेव से किसी भी मौत की पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी व पीएचसी में सभी प्रकार की दवाएं, ओआरएस घोल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ताकि आम जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

यलो अलर्ट जारी

गौरतलब है कि जिले में लगातार गर्म हवाओं के चलते हीट स्ट्रोक से लोग बेहाल हैं। जिला अस्पताल में पहुंच रहे मरीजों की मौत के बढ़ते आंकड़ों से हड़कंप है। इस बीच मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जनपद में 18 जून 2023 तक लू चलने की सम्भावना के दृष्टिगत यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Published on:
18 Jun 2023 03:32 pm
Also Read
View All

अगली खबर