
भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति कोर्ट में फूट-फूटकर रो पड़ीं। फोटो सोर्स- Video Grab
Pawan and Jyoti singh divorce Case Update: भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह से जुड़े तलाक मामले में उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने आरा सिविल कोर्ट स्थित कुटुंब न्यायालय में भावुक बयान दिया।
उन्होंने कोर्ट से कहा, “जज साहब, मेरी शादी को 7 साल हो चुके हैं, लेकिन आज तक ना तो मुझे पति का प्यार मिला और ना ही मेरे भरण-पोषण की जिम्मेदारी निभाई गई। पवन सिंह के साथ मैं रहना चाहती हूं, लेकिन मेरे दर्द को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। अगर वह मेरे साथ नहीं रहना चाहते, तो मुझे 10 करोड़ रुपये बतौर मेंटेनेंस दिया जाए।”
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी ज्योति सिंह के वकील विष्णुधर पांडेय ने मीडिया से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि तलाक से जुड़े इस मामले में फिलहाल कोर्ट में रिकॉन्सिलिएशन यानी सुलह की प्रक्रिया चल रही है, जिससे दोनों पक्षों के बीच आपसी मतभेद दूर कर किसी समझौते तक पहुंचा जा सके।
इसी सिलसिले में बुधवार को ज्योति सिंह आरा सिविल कोर्ट पहुंचीं और कोर्ट परिसर में पवन सिंह का कुछ देर तक इंतजार भी किया। हालांकि, पवन सिंह कोर्ट नहीं पहुंचे। इंतजार के बाद ज्योति सिंह भावुक हो गईं और आंखों में आंसू लिए कोर्ट से बाहर निकल गईं।
ज्योति के वकील ने बताया कि ज्योति सिंह ने अदालत में जज से साफ शब्दों में कहा कि वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती हैं। वकील के अनुसार, कोर्ट में ज्योति सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि हर सुनवाई पर उन्हें सिर्फ अगली तारीख ही मिलती है। एक महिला होने के नाते वह हर तारीख पर खुद कोर्ट में उपस्थित रहती हैं, लेकिन उनके पति ना तो कोई ठोस फैसला ले पा रहे हैं और ना ही समय पर अदालत पहुंच रहे हैं।
ज्योति के वकील ने बताया कि विक्रमगंज कोर्ट में सुनवाई का समय पहले से तय था, इसके बावजूद पवन सिंह वहां नहीं पहुंचे। ज्योति का कहना था कि अगर वे चाहते तो जरूर आ सकते थे, लेकिन उनकी खामोशी और दर्द को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। यह कहते हुए ज्योति सिंह कोर्ट में फूट-फूटकर रो पड़ीं।
ज्योति सिंह ने जज के सामने कहा कि 7 साल के वैवाहिक जीवन में उन्हें केवल मानसिक पीड़ा और अनिश्चितता ही मिली है। ना उन्हें पति का साथ मिला, न कोई सहारा और ना ही कानूनी रूप से मिलने वाला कोई अधिकार। उन्होंने कहा कि वह हर बार सुलह और किसी ठोस फैसले की उम्मीद लेकर कोर्ट आती हैं, लेकिन बदले में उन्हें सिर्फ इंतजार ही मिलता है। बता दें कि पवन सिंह की पत्नी उत्तर प्रदेश के बलिया से हैं।
Published on:
12 Feb 2026 01:31 pm
बड़ी खबरें
View Allबलिया
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
