
AI द्वारा जेनरेटेड इमेज।
बलिया : ज़िले के स्वास्थ्य तंत्र की स्थिति एक बार फिर सवालों के घेरे में है। कुछ ही दिन पहले सोनबरसा सीएचसी में एक महिला द्वारा फर्श पर बच्चे को जन्म देने का वीडियो वायरल हुआ था, और अब एक नई घटना ने प्रशासन को फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है। बेरुआरबारी ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में चार महिलाओं की डिलीवरी मोबाइल टॉर्च की रोशनी में कराई गई। कारण रहा अस्पताल में बिजली की आपूर्ति बाधित होना।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार को अस्पताल के ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बैकअप के तौर पर लगाए गए सौर ऊर्जा संयंत्र को भी सक्रिय नहीं किया जा सका। नतीजतन, डॉक्टरों और स्टाफ को मोबाइल फोन की टॉर्च के सहारे प्रसव कराना पड़ा।
बलिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजीव बर्मन ने पुष्टि की कि मामले की जानकारी मिलते ही पीएचसी प्रभारी और अन्य अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया। उन्होंने कहा, 'जांच में पाया गया कि ट्रांसफार्मर खराब था, जिसे अब बदल दिया गया है। अस्पताल का जेनरेटर भी क्रियाशील पाया गया है। मोबाइल की रोशनी में डिलीवरी की पुष्टि की जा रही है; जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।'
स्थानीय निवासियों का दावा है कि यह स्वास्थ्य केंद्र 26 गांवों की करीब 70,000 की आबादी की स्वास्थ्य ज़रूरतों को पूरा करता है। उन्होंने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ दिनों में ऐसे चार प्रसव मोबाइल की रोशनी में कराए गए। साथ ही मरीजों को भोजन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।
सीएमओ ने इन आरोपों को लेकर कहा कि शिकायतों की बाढ़ संभावित "लॉबिंग" (दबाव) का परिणाम हो सकती है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।
गौरतलब है कि 24 मई को सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के लाउंज में एक महिला को फर्श पर बच्चे को जन्म देते हुए वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में सीएमओ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इमरजेंसी मेडिकल अधिकारी, शिफ्ट डॉक्टर और दो स्टाफ नर्सों का तबादला कर दिया था।
Published on:
30 May 2025 01:25 pm

बड़ी खबरें
View Allबलिया
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
