
बोरी-सेमरिया नाले का पुल जर्जर: बजट में शामिल होने के बाद भी नहीं मिली प्रशासकीय स्वीकृति
बालोद. बालोद विकासखंड अंतर्गत ग्राम बोरी-सेमरिया नाले की पुलिया जर्जर होने से 2 साल से यात्री बसों का संचालन बंद है। आसपास के 20 गांव के लगभग 7 से 10 हजार लोगों को जिला मुख्यालय व पड़ोसी जिला आने-जाने में परेशानी हो रही है। पुलिया बनाने की मांग ग्रामीण 20 वर्ष से कर रहे हैं। नाले में पुल बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीते साल अपने बजट में किया था। पुल बनाने की घोषणा को लगभग सालभर होने को है, फिर भी प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिली है। जिसके कारण निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। जबकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मार्च के प्रथम सप्ताह में ही अपने कार्यकाल का पांचवां बजट पेश करेंगे।
ग्रामीणों ने मनाई थी खुशियां, अब मायूस
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद 20 साल पुरानी मांग पूरी होने की खुशी में ग्रामीणों ने गांव में जश्न मनाया। पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटी थी। अब ग्रामीण मायूस हैं। उनमें आक्रोश पनप रहा है। ग्रामीण फिर आवाज उठाने लगे हैं।
अब और कितना इंतजार करना पड़ेगा
ग्रामीण अध्यक्ष दिलीप साहू, सचिव गणेश राम यादव, ग्रामीण नारद सेन, कुंजन चौरे ने कहा कि चार माह बाद फिर बारिश का सीजन आ जाएगा। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद हमें उम्मीद थी कि 2022 में ही काम शुरू हो जाएगा। ऐसा नहीं हुआ। सेमरिया नाले पर पुल कितना जरूरी है कलेक्टर से लेकर अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी जानते हैं। शासन की घोषणा के बाद प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिलना सोचने वाली बात है।
नाला में पुल बहुत जरूरी
राज्य की भूपेश सरकार ने अपने बजट में 75 मीटर लंबा सेतु निर्माण के लिए 2 करोड़ का प्रावधान रखा है। इस साल इस कार्य में 50 लाख खर्च होने का अनुमान भी लगाया है। अब साल बीतने को है, वहीं विधायक ग्रामीणों को जल्द प्रशासकीय स्वीकृति मिलने का अश्वासन दे रही हैं।
जर्जर पुलिया पर चलने से डरते हैं बस संचालक
ग्रामीणों ने कहा कि सेमरिया नाले पर पुल बन जाता तो सब ठीक हो जाता। नाले में बने पुराना पुल जर्जर हो चुका है। बस संचालक इस जर्जर पुलिया व मार्ग पर बस चलाने से डरते हंै। पहले यात्री बसें चलती थीं। बीते दो साल से स्थिति ज्यादा दयनीय होने से बसों का संचालन बंद है।
सरपंच ने कहा-जल्द सरकार दे प्रशासकीय स्वीकृति
बोरी के सरपंच भूपेंद्र कुमार साहू ने बताया कि हमने प्रशासकीय स्वीकृति मिली या नहीं, इस बारे में विधायक संगीता सिन्हा से भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जल्द प्रशासकीय स्वीकृति मिल जाएगी। शासन स्तर पर चर्चा चल रही हैं। सरपंच ने बताया कि सरकार व जनप्रतिनिधि भी इसे गंभीरता से लें।
अभी तक सिर्फ मिट्टी की जांच हुई
भूपेश सरकार ने बजट में सेमरिया-बोरी नाले में 75 मीटर लंबा सेतु निर्माण के लिए 2 करोड़ का प्रावधान रखा है। इस साल इस कार्य मे 50 लाख खर्च होने का अनुमान भी लगाया था। पर पुल निर्माण के लिए सिर्फ मिट्टी की जांच ही हुई है।
Published on:
19 Feb 2023 11:42 pm
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
