5 दिसंबर 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जिला सहकारी बैंक में किसानों के खातों में करोड़ों की हेराफेरी, मैनेजर सहित बैंक का पूरा स्टाफ निलंबित, कैशियर और क्लर्क पर FIR

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक निपानी में किसानों के खाते में करोड़ों की गड़बड़ी मामले में दुर्ग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की सीईओ अपेक्षा व्यास बैंक के मैनेजर सहित पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया है।

3 min read
Google source verification

बालोद

image

Dakshi Sahu

Feb 26, 2022

जिला सहकारी बैंक में किसानों के खातों में करोड़ों की हेराफेरी, मैनेजर सहित बैंक का पूरा स्टाफ निलंबित, कैशियर और क्लर्क पर FIR

जिला सहकारी बैंक में किसानों के खातों में करोड़ों की हेराफेरी, मैनेजर सहित बैंक का पूरा स्टाफ निलंबित, कैशियर और क्लर्क पर FIR

बालोद. जिला सहकारी केंद्रीय बैंक निपानी में किसानों के खाते में करोड़ों की गड़बड़ी मामले में दुर्ग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की सीईओ अपेक्षा व्यास बैंक के मैनेजर सहित पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया है। वे शुक्रवार को चेयरमैन जवाहर वर्मा के साथ निपानी शाखा पहुंची थी। इस दौरान किसानों ने जमकर हंगामा किया। तत्काल खाते में राशि को जमा करवाने की मांग की। चेयरमैन व सीईओ ने कहा कि जिनके खाते की जांच हो गई है, उनके खाते में सोमवार से राशि डाली जाएगी। वहीं इसे बैंक की गड़बड़ी बताते हुए सीईओ और चेयरमैन ने निपानी के सभी कर्मचारियों को हटा दिया। उनकी जगह नए अधिकारी और कर्मचारी की नियुक्ति की गई है। साथ ही कैशियर अजय भेडिय़ा और लिपिक दौलत ठाकुर पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार की स्थिति में 58 किसानों के खाते की जांच हुई है। जिसमें लगभग एक करोड़ की गड़बड़ी पाई गई। वहीं 409 किसानों का आवेदन आया है, जिसकी जांच चल रही है।

जमा राशि में हेराफेरा की पुष्टि
चेयरमैन जवाहर वर्मा ने बताया कि 21 फरवरी को बैंक प्रबंधक तामेश्वर नागवंशी ने मामले की शिकायत की थी। तत्काल अधिकारी भेजकर जांच की गई। जांच में जमा राशि में हेराफेरी की पुष्टि हुई। मामला शुक्रवार को बोर्ड की बैठक में भी उठा। सभी दोषी अधिकारी कर्मचारी पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

रविवार को भी होगी जांच, सोमवार से नियमित
चेयरमैन जवाहर वर्मा ने किसानों से कहा कि जिनकी राशि निकाली गई है। उन सभी किसानों के खाते की जांच के बाद ही राशि वापसी की कार्यवाही करेंगे। वर्तमान में 58 किसानों के खाते से राशि निकालने की पुष्टि है। सोमवार से वापसी शुरू की जाएगी। साथ ही शनिवार व रविवार को भी बैंक परिसर में खातेधारक किसानों के खाते की जांच की जाएगी। फिर सोमवार से भी नियमित जांच होगी।

दो काउंटर बढ़ाए, 5 हजार खाते की होगी जांच
किसानों की भीड़ को देखते हुए जांच अधिकारियों ने समिति प्रबंधक को निर्देश दिए है कि बैंक परिसर में पंडाल की व्यवस्था करें। दो अतिरिक्त काउंटर बढ़ा कर सभी किसानों के खाते की जांच करें। बैंक में लगभग 5 हजार से अधिक किसानों के खाते हैं। 90 फीसदी किसानों के खाते से राशि निकालने की आशंका जताई जा रही है।

इन्हें कर दिया गया निलंबित
जिला सहकारी बैंक में इतनी बड़ी गड़बड़ी से जिले के आला अधिकारी भी चिंतित हैं। किसानों के हंगामे व प्रदर्शन से अधिकारियों पर दबाव बढ़ गया। पहले कैशियर अजय भेडिय़ा व क्लर्क दौलत ठाकुर को निलंबित किया गया था। वहीं गुरुवार देर रात को बैंक प्रबंधक तामेश्वर नागवंशी व एक प्यून को भी सस्पेंड कर दिया। जांच अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को हटा दिया।

किसानों ने कहा-हमें राशि चाहिए
चेयरमैन ने किसानों से कहा कि इस मामले में राजनीति न हो तो अच्छा है। किसानों की जमा राशि में हेराफेरी की गई है। इसमें भाजपा कांग्रेस की राजनीति न हो। हमें सिर्फ राशि चाहिए और जल्द से जल्द। किसानों ने पहले चेयरमैन से लिखित में आश्वासन मांगा कि इतने दिनों में राशि वापसी हो जाएगी। उन्होंने लिखित आश्वासन देने से मना कर किया। मौखिक में आश्वासन ही दिया।

कई किसानों की आंखों में थे आंसू
बैंक परिसर में कई किसानों के आंखों में आंसू दिखाई दे रहे हंै। किसानों उम्मीद थी कि उनकी राशि बैंक में सुरक्षित है। जब रुपए की जरूरत पड़ी तो बैंक पहुंचे, तब पता चला कि खाते से लाखों रुपए निकल गए हैं। जिससे उनकी नींद उड़ गई है।

इनकी की गई नियुक्ति
जांच अधिकारी एसके निवसरकर वर्ग-1 अधिकारी के प्रतिवेदन के बाद शाखा प्रबंधक तामेश्वर नागवंशी को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर खेमूराम देवांगन को नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त दो कर्मचारियों की व्यवस्था भी की गई है। जांच टीम में प्रधान कार्यालय से कुसुम ठाकुर अतिरिक्त मुख्य पर्यवेक्षक, रोहित आलेन्द्र शाखा प्रबंधक बालोद एवं सुमेन्द्र सिंह भंडारी शाखा प्रबंधक गुंडरदेही को शामिल किया गया है।