
जिम्मेदारी से भागे खनिज अधिकारी : अवैध कारोबारियों पर राजस्व विभाग का शिकंजा
बालोद. जिले के खनि संपदा के अवैध दोहन पर मिल रही शिकायतों की खनिज विभाग के जिम्मेदारों ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। इससे जिला प्रशासन के पास लगातार पहुंच रही शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए कलक्टर कुछ माह से माफियाओं पर सीधी कार्रवाई करवा रही हैं। जिलेभर के राजस्व विभाग के अधिकारी पुलिस के साथ टीम बनाकर लगातार छापेमारी कर रहे हैं। ऐसे में खनिज माफियाओं के हौसले पस्त नजर आने लगे हैं। पूरे जिलेभर में अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की कवायद की जा रही है। अब तक की स्थिति में सबसे ज्यादा कार्रवाई बालोद और गुंडरदेही ब्लॉक में की गई। बुधवार की रात 11 वाहनों पर कार्रवाई के बाद गुरुवार को भी दोनों ब्लॉकों में सुबह छापामार कार्रवाई की गई।
गुरुवार की सुबह देवारभाट में अवैध मुरुम खनन पर दबिश
इसी के तहत बालोद एसडीएम हरेश मंडावी अवैध रेत खनन कर रहे माफियाओं के वाहनों पर लगातार जब्ती की कार्रवाई कर रहे हैं। गुरुवार की सुबह ग्राम देवारभाट में अवैध मुरुम खनन करते हुए 1 जेसीबी और 2 हाइवा को जब्त किया गया। ज्ञात रहे कि पत्रिका ने मामले में लगातार खबर प्रकाशित कर शासन-प्रशासन को जिले में चल रहे अवैध खनन के प्रति आगाह किया जाता रहा है। उसके बाद प्रशासन सक्रियता दिखाते हुए लगातार कार्रवाई कर रहा है। पर संबंधित विभाग अब भी ठोस कदम उठाने में पीछे है।
खनिज विभाग पर सवालिया निशान, माफिया हैं सक्रिय
बीते कुछ दिनों से जिले में लगातार अवैध रेत परिवहन व खनन करने वालों पर नजर रखी जा रही है। जिले की नदियों की खनिज संपदा को क्षति पहुंचाने की सूचना लंबे समय से मिल रही है। बावजूद जिम्मेदार खनिज विभाग के मौन ने राजस्व विभाग को यह कार्रवाई करने पर मजबूर कर दिया है। ऐसे में खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग गया है। इस वजह से खनिज माफिया जिले की खनि संपदाओं का बेजा दोहन करते आ रहे हैं। जिस पर लगाम लगाने में खनिज विभाग पूरी तरह असफल साबित हुआ हैं। अंत में राजस्व विभाग को कदम उठाना पड़ा है।
सबसे अधिक कार्रवाई बालोद और गुंडरदेही ब्लॉक में
उल्लेखनीय हो कि एसडीएम हरेश मंडावी ने विगत 10 दिनों में बालोद ब्लॉक में अवैध खनन करते 20 हाइवा, 5 ट्रैक्टर, 1 जेसीबी मशीन और 1 चैन माउंटेन मशीन जब्ती की है। वहीं गुंडरदेही ब्लॉक में राजस्व विभाग ने 6 पुलिस ने 12 और खनिज विभाग ने 4 कार्रवाई की है। एसडीएम मंडावी ने ग्राम हीरापुर में रेत परिवहन करते हुए 5 ट्रैक्टर, ग्राम पोड़ के रेत खदान से 5 हाइवा, ग्राम ओरमा के रेत खदान से एक निजी जमीन पर अवैध तरीके से रेत खनन करने पर 11 हाइवा व 1 चैन माउंटेन, ग्राम अरकार से रेत की रॉयल्टी पर्ची से अवैध तरीक़े से गिट्टी का परिवहन करते हुए 2 हाइवा तथा ग्राम देवारभाट में अवैध मुरुम खनन करते हुए 1 जेसीबी मशीन और 2 हाइवा जब्त कर चुके हैं। कार्रवाई के दौरान बालोद तहसीलदार रश्मि वर्मा भी मौजूद रहीं।
Published on:
3 May 2019, 8:02 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.