11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कांग्रेस की अंदरूनी कलह से कोई सरोकार नहीं- येड्डियूरप्पा

जनता चाहेगी तो सत्ता में आएंगे लेकिन इसके लिए ऑपरेशन कमल नहीं चला रहे
2 min read
Google source verification
yeddyurappa

तबादलों के धंधे में जुटी सरकार : येड्डियूरप्पा

बेंगलूरु. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी.एस.येड्डियूरप्पा ने कहा कि कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह व गठबंधन के घटक दलों में जारी खींचतान से उनका कोई सरोकार नहीं है।
येड्डियूरप्पा ने रविवार को तुमकूरु के सिद्धगंगा मठ का दौरा करने के बाद कहा कि जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है और जनता चाहेगी तो सत्ता में आएंगे लेकिन इसके लिए वे कोई ऑपरेशन कमल नहीं चला रहे हैं। मंत्री रमेश जारकीहोली या उनके भाई सतीश के भाजपा में शामिल होने की बात उन्होंने कभी नहीं कही। भाजपा के 104 विधायक हैं और हम विपक्षी दल की जिम्मेदारी का निर्वाह कर रहे हैं।
येड्डियूरप्पा ने आरोप लगाया कि राज्य में प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह से चरमरा गया है और विकास कार्य ठप पड़ गए हैं। राज्य में तबादलों का धंधा चल रहा है। कांग्रेस व जद-एस के बीच अंदरूनी झगड़े से उनका कोई लेना देना नहीं है। गठबंधन के घटकों में आपसी मनमुटाव के कारण विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेलगावी कांग्रेस में उभरे मतभेद और जारकीहोली बंधुओं की पार्टी से नाराजगी कांग्रेस का अंदरूनी मसला है जिससे हमें कुछ भी लेना-देना नहीं हैं।

न सिर्फ गठबंधन के दोनों दलों के बीच बल्कि कांग्रेस के नेताओं में भी आपसी टकराव की खबरें सामने आई हैं। माना जाता है कि इन्ही कारणों से कुमारस्वामी मंत्रिमंडल का विस्तार भी अटका हुआ है।
राउडी शीटरों व सूदखोरों के जरिए सरकार को अस्थिर करने के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जांच करवा कर दोषियों को दंडित कराएं। उन्होंने कहा कि यह सरकार राष्ट्रीयकृत बैंकों से लिए किसानों के कर्ज माफ करने का दावा कर रही है पर ऋण माफ नहीं हुआ है। अतिवृष्टि व अनावृष्टि से प्रभावित इलाकों का सरकार सुध तक नहीं ले रही है और मुख्यमंत्री कुमारस्वामी केवल अपनी कुर्सी मजबूत करन में ही लगे हैं। पूर्व सांसद जी.एस. बसवराज सहित अन्य नेता उपस्थित थे।