सागर में चक्रवातों के उत्पन्न होने की सटीक भविष्यवाणी करने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) एक लघु उपग्रह तैयार कर रहा है,जिसका प्रक्षेपण साल के अंत तक किए जाने की उम्मीद है। इसरो के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार स्कैट सैट नामक यह उपग्रह ओशियन सैट-2 द्वारा दी जाने वाली सेवाओं में सहयोग करेगा और उसे बेहतर बनाएगा। सितम्बर 2009 में भेजे गए ओशियन सैट-2 उपग्रह ने अक्टूबर 2013 में आए फैलिन चक्रवात के ओडिशा तट पर पहुंचने की सटीक भविष्यवाणी की थी। उपग्रह के सटीक भविष्यवाणी से समय सहते तटवर्ती इलाकों को खाली करा लिया गया जिससे जान-माल की क्षति को न्यूनतम करने में मदद मिली। इसरो अधिकारी ने बताया कि अब स्कैटेरोमीटर का विकास किया जा रहा है जो महासागरों में उठने वाले चक्रवातों पर नजर रखेगा। बवंडर बनने, उसके मजबूत होने और उसकी गति पर लगातार नजरें रखते हुए यह उपग्रह उसके तटवर्ती इलाकों में पहुंचने की सटीक भविष्यवाणी करेगा।