कर्नाटक के 200 से अधिक थिएटरों में 50 दिनों से यह फिल्म प्रदर्शित की जा रही है, राज्य के विभिन्न जिलों में इस फिल्म के अभी तक 1 करोड़ टिकट बेचे जा चुके हैं सात सप्ताह गुजर जाने के बाद भी थिएटर के सामने टिकट खरीदने के लिए दर्शकों की कतारें दिखाई दे रही हैं, देर रात के शो में भी लोग परिजनों के साथ इस फिल्म को देख रहे हैं कन्नड़ के अलावा तमिल, तेलुगू तथा मलयालम और हिंदी भाषा में भी इस फिल्म ने अच्छा कारोबार किया है
बेंगलूरु. महज 16 करोड़ रुपए निवेश के साथ बनी कांतारा फिल्म ने प्रदर्शन के 50 दिनों के पश्चात 400 करोड़ रुपए का कारोबार कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। राज्य के 200 से अधिक थिएटरों में गत 50 दिनों से यह फिल्म प्रदर्शित की जा रही है। अभी तक राज्य के विभिन्न जिलों में इस फिल्म के 1 करोड़ टिकट बेचे गए हैं। इस लिहाज से यह संदलवुड की सबसे अधिक देखी जानेवाली फिल्म साबित हो गई है।
कर्नाटक राज्य थिएटर मालिक संघ के अध्यक्ष केवी चंद्रशेखर के अनुसार यदि यह फिल्म ओटीटी पर जारी नहीं होती है तो शहर के वीरेश थिएटर में ही यह फिल्म 100 दिनों तक प्रदर्शित की जा सकती है। प्रदर्शित होकर सात सप्ताह गुजर जाने के बाद भी थिएटर के सामने टिकट खरीदने के लिए दर्शकों की कतारें दिखाई दे रही हैं। देर रात के शो में भी लोग परिजनों के साथ इस फिल्म को देख रहे हैं। सातवें सप्ताह में भी सुबह 10 बजे ऑनलाइन ही इस फिल्म के सभी शो के 70 से 80 फीसदी टिकट आरक्षित किए जा रहे है। किसी कन्नड़ फिल्म को पहली बार ऐसी सफलता मिली है।
इस फिल्म की निर्माता कंपनी होंबाले के कार्यकारी निदेशक कार्तिक गौड़ा के अनुसार अभी भी देश-विदेश के 400 से अधिक थिएटरों में इस फिल्म के शो हाउसफुल हो रहे हैं। लेकिन अमेजन कंपनी के साथ किए गए समझौते के तहत इस माह के अंत तक ओटीटी पर इस फिल्म को प्रदर्शित किया जाना अनिवार्य है। इस फिल्म के कन्नड़ संस्करण का कारोबार 170 करोड़ तथा हिंदी संस्करण का कारोबार 80 करोड़ के पार पहुंच गया है। तमिल, तेलुगू तथा मलयालम संस्करणों में भी इस फिल्म ने अच्छा कारोबार किया है।