
भाजपा विधायकों को तोडऩे की कोशिश कर रहे कुमारस्वामी : येड्डियूरप्पा
बेंगलूरु. सत्तारुढ़ गठबंधन में शामिल कांग्रेस में चल रहे उठापटक के बीच भाजपा ने फिलहाल देखो और इंतजार करो की नीति अपनाने का निर्णय किया है। हालांकि, कुमारस्वामी सरकार के पतन की स्थिति में भाजपा सरकार बनाने के दावे से पीछे नहीं हटेगी। बुधवार को पैलेस मैदान में हुई पार्टी विधायकों और पदाधिकारियों की विशेष बैठक में कुमारस्वामी सरकार के गिरने की स्थिति में वैकल्पिक सरकार बनाने के बारे में निर्णय के लिए प्रदेश अध्यक्ष बी एस येड्डियूरप्पा को अधिकृत कर दिया गया।
इससे पहले बैठक का उद्घाटन करते हुए येड्डियूरप्पा ने सरकार गिराने के लिए गठबंधन के विधायकों को तोडऩे की कोशिशों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी कह रहे हैं कि माफिया और थैलीशाह सरकार गिराने के लिए धन जुटा रहे हैं। येड्डियूरप्पा ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान बताता है कि वे कितनी अनिश्चितता की स्थिति में हैं।
हालांकि, येड्डियूरप्पा यह भी कहने से नहीं चूके कि मौजूदा सरकार से असंतुष्ट कांग्रेस के कई विधायक पार्टी छोडऩे के लिए तैयार हैं। येड्डियूरप्पा ने कहा कि कांग्रेस के आंतरिक कलह से हमारा कोई लेना-देना नहीं है लेकिन जिस तरह ये विधायक गठबंधन के घुटन भरे माहौल के बारे में सार्वजनिक बयान दे रहे हैं उससे लगता है कि यह सरकार जल्द ही गिर जाएगी।
येड्डियूरप्पा ने आरोप लगाया कि गठबंधन सरकार पर मंडराते पतन के संकट से पार पाने के लिए कुमारस्वामी भाजपा विधायकों को तोडऩे की कोशिश में लगे हैं। गठबंधन के घटक दलों के विधायकों कहीं इस्तीफा देकर येड्डियूरप्पा का समर्थन नहीं कर दें, इसी कारण कुमारस्वामी अपनी सत्ता को बचाने के लिए ऑपरेशन जनता दल- एस चलाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुमारस्वामी ऑपरेशन कमल के बारे में बोल रहे हैं पर गत दिनों कलबुर्गी दौरे के दौरान उन्होंने हमारे विधायक सुभाष गुत्तेदार पर पार्टी में आने के लिए दबाव डाला। गुत्तेदार को मंत्री पद का भरोसा दिया गया और इसके अलावा भी भाजपा के अनेक विधायकों से संपर्क करने की कोशिश की है। भाजपा के दस से अधिक विधायकों के साथ संपर्क मेंं होने के उनके बयान से ही इस बात की पुष्टि हो जाती है कि कुमारस्वामी कितने निचले स्तर पर गिर गए हैं। सत्ता में आए चार माह बीत जाने पर भी बेहतर प्रशासन देना उनसे संभव नहीं हो पाया है। कांग्रेस के नेता ए. मंजू ने मंत्री एच डी रेवण्णा पर हासन जिले में करोड़ों रूपए मूल्य की सरकारी जमीन हथियाने का आरोप लगाया है।येड्डियूरप्पा ने कहा कि कांग्रेस व जद-एस के बीच अंदरुनी कलह शुरू हो गई है जिसकी वजह से विकास कार्य पूरी तरह से ठप पड़ गए हैं और कुमारस्वामी सत्ता को बचाने में ही वक्त गंवा रहे हैं।
विकास ठप, भ्रष्टाचार बढ़ा
येड्डियूरप्पा ने आरोप लगाया कि राजनीतिक अस्थिरता के कारण सरकार काम नहीं कर पा रही है और राज्य में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। येड्डियूरप्पा ने आरोप लगाया कि कुमारस्वामी के सत्ता में आने के बाद से भ्रष्टाचार भी बढ़ा है। येड्डियूरप्पा ने कहा कि कुमारस्वामी चाहे जितनी कोशिश कर लें वे भाजपा विधायकों को नहीं तोड़ पाएंगे। भाजपा के सभी विधायक एकजुट हैं।
येड्डियूरप्पा ने पार्टी नेताओं से आह्वान किया वे कुमारस्वामी सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाएं और लोकसभा चुनाव में 24-25 सीटों पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करें। बैठक के बाद प्रदेश महासचिव अरविंद लिंबाबली ने कहा कि विधान परिषद उपचुनाव के उम्मीदवारों के चयन के लिए भी येड्डियूरप्पा को अधिकृत किया गया। इसके साथ ही पार्टी की ओर से जनवरी तक आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रुपरेखा भी तय की गई। 29 सितम्बर को शौर्य दिवस, 31 अक्टूर को एकता दौड़, 2 अक्टूबर से 30 जनवरी तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में 150 किमी पद यात्राएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बाढ़ प्रभावित कोडुगू जिले में पुनर्वास के लिए पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को प्रधानमंत्री से मुलाकात के लिए भेजने और दलित बस्तियों में चिकित्सा शिविर आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया।

Published on:
20 Sept 2018 06:27 pm
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
