मैसूरु. राज्य की सांस्कृतिक पहचान बन चुके मैसूरु दशहरा महोत्सव के लिए गुरुवार को जब हाथी मैसूरु महल के परिसर में पहुंचे तो नादस्वरम की मंगल स्वर लहरियों के साथ परम्परागत अंदाज में हाथियों का स्वागत किया गया। स्वर्ण कलश ढोने वाले हाथी अभिमन्यु के नेतृत्व में जम्बो सवारी के लिए पहुंचे हाथियों ने मैसूरु महल में राजसी अंदाज मेें प्रवेश किया।
दशहरा महोत्सव सात अक्टूबर से
बता दें कि मैसूरु में दशहरा महोत्सव सात अक्टूबर से शुरू होगा जिसके अंतिम दिन विजयदशमी जुलूस के दौरान जंबो सवारी मुख्य आकर्षण होगी। जम्बो सवारी के लिए आठ हाथियों का यह दल 13 सितंबर को हुनसुर तालुक के वीरानाहोसाहल्ली से मैसूरु पहुंच गया था। उन्हें अरण्य भवन में रखा गया था। तीन दिन आराम करने के बाद गुरुवार सुबह जंबो अरण्य भवन से निकलकर पैलेस की ओर चल पड़े।
शुभ मुहूर्त में जयमार्तंड गेट पर पुलिस बैंड और पारंपरिक संगीतकारों की मधुर स्वर लहरियों के बीच अभिमन्यु और अन्य हाथियों को पूरे सम्मान के साथ पैलेस में ले जाया गया। स्वागत जुलूस का नेतृत्व सिर पर कलश लिए महिलाओं ने किया।