मैसूरु. दशहरा प्रदर्शनी मैदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर के इवेंट सेंटर के रूप में परिवर्तित करने का मास्टर प्लान जल्द ही तैयार होने की उम्मीद है। अभी इस मैदान का उपयोग दशहरा के दौरान लगने वाली प्रदर्शनी के लिए होता है। पूरे वर्ष इसका कोई विशेष उपयोग नहीं होता, इसलिए कर्नाटक प्रदर्शनी प्राधिकरण (केईए) ने प्रस्ताव दिया था कि इसे एक इवेंट सेंटर के रूप में परिवॢतत किया जाए। केईए के चेयरमैन सिद्दराजू ने बताया कि हमारे प्रस्ताव के अनुसार दशहरा प्रदर्शनी मैदान को इस रूप में परिवर्तित करना है जिससे साल के 365 दिन यहां प्रदर्शनियां, कार्यक्रम, सम्मेलन और मनोरंजक कार्यक्रम होते रहें। केईए के प्रस्ताव के बाद राज्य सरकार ने मास्टर प्लान तैयार करने के लिए एक निजी एजेंसी नियुक्त की है। मास्टर प्लान में उन विकल्पों को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा जिसके अनुसार प्रदर्शनी मैदान एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में बदल जाए। साथ ही, सैलानियों से हमेशा गुलजार रहे। स्नो वल्र्ड की तर्ज पर कुछ स्थायी आकर्षण वाली कलाकृतियां भी विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने इस वर्ष के बजट में घोषणा की थी कि दिल्ली हाट के तर्ज पर मैसूरु हाट का निर्माण होगा। यह हाट भी प्रदर्शनी मैदान परिसर में ही लगेगा। केईए के सीईओ शशि कुमार ने बताया कि मैदान का पूरे वर्ष उपयोग करने की योजना है। इसके लिए एक साथ कई पहलकदमियां ली जाएंगी। मनोरंजक और आकर्षक विकल्प भी शामिल किए जाएंगे। इसे सम्मेलन स्थल के तौर पर भी विकसित किया जाएगा। मास्टर प्लान बनाने वाली एजेंसी की टीम ने हाल ही प्रदर्शनी मैदान का दौरा किया। ८० एकड़ का यह परिसर एक पर्यटन प्लाजा के रूप में होगा, जो पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केन्द्र बन जाएगा।