अश्वथ नारायण लिखेंगे इस विवादास्‍पद फिल्म की पटकथा, कुमारस्‍वामी ने कहा काल्‍पनिक बातों का नहीं करें महिमामंडन
बेंगलुरु. टीपू सुल्तान को लेकर राज्य में हमेशा से सियासत होती आई है लेकिन इस बार मामला कुछ अलग अंदाज में गरमा रहा है। अब तक टीपू को हत्यारा और आततायी बता कर निशाना बनाया जाता था लेकिन अब इस बात को लेकर ि उठा हुआ है कि टीपू की हत्या का जिम्मेदार कौन है?
सत्तारूढ़ भाजपा के एक मंत्री का दावा है कि वे टीपू सुल्तान के हत्यारों पर एक फिल्म बनाने के लिए कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (केएफसीसी) से बात कर रहे हैं। उनका दावा है कि वोक्कालिगा समुदाय से ताल्लुक रखने वाले दो सरदारों उरी गौड़ा और नानजे गौड़ा ने टीपू सुल्तान की हत्या की थी। भाजपा मंत्री मुनिरत्न नायडू ने कहना है कि उन्होंने इस मुद्दे पर एक फिल्म बनाने के लिए केएफसीसी से संपर्क किया है।
भाजपा मंत्री और भाजपा विधायक दोनों केएफसीसी के साथ रजिस्टर्ड एक प्रोडक्शन हाउस के मालिक हैं और अपने प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले फिल्म बनाएंगे। एक रोचक बात यह है कि उच्च शिक्षा मंत्री अश्वथ नारायण फिल्म की पटकथा लिखेंगे। मैसूरु के शासक टीपू सुल्तान को अंग्रेजों द्वारा मारे जाने की खबरों के विपरीत भाजपा का दावा है कि उन्हें दो वोक्कालिगा सरदारों ने मारा था।
फिल्म बनाने की घोषणा के बाद तिलमिलाए जद-एस ने भाजपा के दावों पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री और जद-एस नेता एचडी कुमारस्वामी ने रविवार को भाजपा के दावों के गंभीर निहितार्थों के प्रति आगाह किया और कहा कि यह चुनावी राज्य में वोक्कालिगा और मुस्लिम समुदाय के बीच संबंधों को प्रभावित करेगा।
विपक्ष ने कहा, इससे माहौल बिगड़ेगा
उन्होंने कहा कि काल्पनिक पहलुओं या काल्पनिक पात्रों पर फिल्म बनाने का कोई मतलब नहीं है। मैं उनसे आग्रह करता हूं कि ऐसी स्थिति पैदा न करें जहां एक समुदाय दूसरे समुदाय को शक की नजर से देखे। कुमारस्वामी ने कहा कि भाजपा में नैतिकता की कमी है और वह सरकार के विकास कार्यों के बारे में बात नहीं करती है। वे इस मुद्दे को आगे बढ़ा रहे हैं, लेकिन उन्हें यह जानने की जरूरत है कि इससे उन्हें कुछ हासिल नहीं होगा।
पूर्व सीएम ने कहा कि कर्नाटक भाजपा के लिए प्रयोगशाला बन गया है। यह जातियों और समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा कर रहे हैं और संवेदनशील मुद्दों का राजनीतिकरण किया जा रहा है।