
बेंगलूरु. कांग्रेस अध्यक्ष एम. मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्षी इंडिया गठबंधन के पक्ष में दिखाई न पडऩे वाली समर्थन की एक लहर है, जिसके भय से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व्यापक प्रचार कर रहे हैं। खरगे ने मोदी को चुनौती दी कि वे अयोध्या मंदिर में भगवान राम की मूर्ति की शपथ लें और बताएं कि क्या उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति को 15 लाख रुपए दिए जिसका वादा उन्होंने काला धन देश में वापस लाने पर देने का वादा किया था, किसानों की आय दोगुनी की, दो करोड़ रोजगार दिए और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता खरगे ने अपने दामाद राधाकृष्ण दोड्डमणि के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, वह भगवान का नाम जपते हैं और गरीब लोगों को महंगाई से कुचलते हैं। यदि गरीब लोग जी रहे हैं तो यह महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा)और कर्नाटक में कांग्रेस सरकार की पांच गारंटी के कारण है। दोड्डामणि ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए गुलबर्गा से अपना नामांकन दाखिल किया है। खरगे ने यहां 2009 और 2014 में लोकसभा चुनाव जीता था लेकिन 2019 में वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार उमेश जाधव से हार गए थे।
खरगे ने अपने गृह जिले में कहा, दिखाई न पडऩे वाली समर्थन की एक लहर है। यह दिखाई नहीं देती। मोदी इन दिनों इतने दौरे क्यों कर रहे हैं? क्योंकि ‘इंडिया’ गठबंधन के पक्ष में नहीं दिखने वाली समर्थन की एक लहर है। यही कारण है कि वह संकरी गलियों में जा रहे हैं और रोड-शो कर रहे हैं। खरगे ने आरोप लगाया कि मोदी लोगों को ईडी, आयकर विभाग, सीबीआई और विजिलेंस से डरा रहे हैं।
हमारे साथ तो भ्रष्ट, भाजपा में जाकर बेदाग
उन्होंने कहा, हमारी पार्टी में लोग भ्रष्ट थे लेकिन क्या वे भाजपा में जाने के तुरंत बाद बेदाग हो गए? इसलिए मैं अक्सर कहता हूं कि मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पास एक विशाल वॉशिंग मशीन है जिसमें न केवल कपड़े बल्कि मनुष्य भी डाले जाते हैं। एक बार उसमें डालने के बाद, वे बेदाग होकर निकलते हैं। अब वह आदमी भाजपा में आ गया है, वह बेदाग हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया, मोदी ने कहा था कि आप भ्रष्ट लोगों को नहीं छोड़ेंगे, लेकिन वे लोग अब आपके बगल में बैठे हैं। आप उन भ्रष्ट लोगों को साथ लेकर शासन कर रहे हैं।
भाजपा ने दूसरी सरकारें गिरा कर अपनी सरकारें बनाई
खरगे ने भाजपा पर कुछ राज्यों में विपक्ष शासित सरकारों को अस्थिर करने में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, आपने यह कर्नाटक, महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश में किया। हर जगह आपने पार्टियों को नष्ट कर दिया और अपनी सरकार बना ली। ये मोदी और शाह के लोकतांत्रिक सिद्धांत हैं। उन्होंने मोदी की गारंटी पर भी कटाक्ष किया और कहा कि वे आते हैं और कहते हैं कि यह मोदी की गारंटी है। हमने पांच गारंटी दी, जिसे हमने यहां लागू किया है। मोदी हमारी गारंटी की नकल कर रहे हैं। वे कहते हैं मोदी की गारंटी लेकिन उनकी गारंटी कहां है? सभा में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
Published on:
13 Apr 2024 12:12 am
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
