जिगजिणगी बन सकते हैं मंत्री

शोभा का नाम भी चर्चा में,कल होगा मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल

less than 1 minute read
Jul 04, 2016
ramesh jigajinagi
बेंगलूरु.
केंद्रीय मंत्रिमंडल में मंगलवार को होने वाले फेरबदल में राज्य से एक सांसद को शामिल किया जाएगा। जानकारों के मुताबिक विजयपुर से लोकसभा सदस्य रमेश जिगजिणगी को मंत्री बनाया जाना तय है। हालांकि, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी एस येड्डियूरप्पा की करीबी माने जाले वाली राज्य की पूर्व मंत्री शोभा करंदलाजे का नाम भी चर्चा में है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री कार्यालय से जिगजिणगी को मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए तैयार रहने का संदेश मिला है। लेकिन इस तरह की सूचना शोभा तक पहुंचने की पुष्टि नहीं हो पाई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी जिगजिणगी को अपने आवास पर मुलाकात के लिए बुलाया है। लगातार पांचवीं लोकसभा के लिए चुने गए जिगजिणगी की राजनीतिक पृष्ठभूमि जनता परिवार की है। पूर्व मुख्यमंत्री रामकृष्ण हेगड़े के करीबी रहे जिगजिणगी बाद में वे भाजपा में आ गए थे।

बच सकते हैं गौड़ा

सियासी हलकों में केंद्रीय विधि व न्याय मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा को हटाए जाने की चर्चा है लेकिन भाजपा सूत्रों का कहना है कि वोक्कालिगा समुदाय से आने वाले गौड़ा राजनीतिक कारणों से फेरबदल में बच जाएंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्य से केंद्रीय मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या घटने के बजाय बढ़ सकती है। गौड़ा के अलावा राज्य से दो अन्य मंत्री हैं अनंत कुमार और जी एम सिद्धेश्वर जबकि पिछले महीने हुए चुनाव में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री निर्मला सीतारमण भी राज्य से ही राज्यसभा के लिए चुने गए थे।

Published on:
04 Jul 2016 08:02 pm
Also Read
View All

अगली खबर